Friday, 3 November 2017
~ कुकुरमुत्ता ~
Friday, 27 October 2017
~ सभ्यता की निशानी ~
- पहले लोग दुकानों में जाकर पहले बातचीत करते एक दूसरे का हाल पूछते, फिर खरीददारी करते, आज वे व्यस्त हैं अपने खोखलेपन में, अब वे क्लिक कर अपने पसंद की चीजें मंगाते हैं और थोड़ा सस्ता पाकर एक पूरे समाज से अलग-थलग हो जाते हैं ये सभ्यता की निशानी है।
- पहले लोग अपने मनोरंजन के लिए मिल-जुलकर इकट्ठे होकर मेलों में जाते, जादू का शो देखते, सर्कस की कलाबाजियां देखते, आज सब अकेले यूट्यूब देखते हैं, ये तो सभ्यता की ऊंचाइयां हैं।
- पहले लोग अगर थोड़ी सी पढ़ाई कर ज्ञान अर्जित करते तो उसका उपयोग देश, परिवार, समाज की भलाई में लगा देते। आज खूब सारी पढ़ाई कर, डिग्री एवं उपाधियां लेकर भी ज्ञान की उपयोगिता शून्य है, ये सभ्यता की निशानी है।
- पहले लोग वर्तमान अव्यवस्थाओं को ठीक करने के प्रयास हेतु पढ़ाई-लिखाई करने का फैसला लेते, आज किताबों के सहारे व्यक्तिगत बुलंदियां हासिल की जाती है। ये सभ्यता की निशानी है।
- पहले लोग मिट्टी और पेड़-पौधों के संपर्क में रहते थे, उनका जीवन सरल हुआ करता था, आज कांच से घिरे चिकने मार्बल के घरों में रहते हैं। शरीर का मिट्टी से कोई संपर्क ही नहीं। ये सभ्यता की निशानी है।
- पहले लोग महीनों तक पैदल यात्राएं करते थे और अपनों को समय भी देते थे, आज घंटे भर में हजार किलोमीटर की यात्रा कर लेते हैं फिर भी समय का अभाव है, ये सभ्यता की निशानी है।
- पहले लोग अधिक से अधिक खुली हवा में रहते, घरों में भी हवा के आने-जाने के लिए खुली जगह होती। आज लोग सीलपैक कमरों में खुद को बंद कर खुश हो लेते हैं। ये तो सभ्यता की निशानी है।
- पहले लोगों में अपने मत को लेकर कोई मनमुटाव होता तो वे एक दूसरे का चेहरा न देखते, बातचीत खत्म कर देते, आज लोगों में मनमुटाव या खींचातानी होती है तो वे एक-दूसरे को आज जगह-जगह से ब्लाक करते हैं। क्योंकि देखना, मिलना, बातें करना, इन सब चीजों की संभावनाएँ ही मर चुकी हैं। ये तो सभ्यता की चोटी मानी गई है।
- पहले लोगों के पास गांव में बड़ा घर होता था, आंगन और चौपाल होता था, लोगों का हूजूम इकट्ठा होता था, आज लोग बंद माचिस के डिब्बे जैसे घरों में रहकर खुद को ज्यादा सभ्य मान लेते हैं। ये तो सभ्यता की ऊंचाइयां हैं।
- पहले लोग अकेलेपन से या अभावग्रस्त जीवन में रहकर भी कुछ नया आविष्कार कर लेते, आज तमाम सुविधाओं के बावजूद तनाव के शिकार हैं। ये सभ्यता की निशानी है।
- पहले जब लोग कुछ नया सीखते, जानते तो वे प्राप्त मूल्यवान तत्व को लोगों में बांटकर अपने हिस्से का आत्मिक सुख पा लेते और फिर से किसी नयी खोज में लग जाते। आज पहले पैटेंट और कापीराइट किया जाता है ये सभ्यता की निशानी है।
- पहले जब लोग अपने मनोरंजन के लिए कोई खेल खेलते तो वह खेल मिट्टी, पानी,पेड़-पौधों से जुड़ा हुआ रहता, वे इसी के इर्द-गिर्द बने रहते लेकिन आज खेलने के लिए पैसा चुकाया जाता है, आत्मा का सौदा होता है, ये सभ्यता की निशानी है।
- पहले जब लोग कुछ हासिल करने की जद्दोजहद में खुद को लगाते तो वे अपने मूल को बचाकर संजोकर रखते, आज अपनी आत्मा बेचकर सफलता नामक दीमक का स्वाद लिया जाता है। ये तो सभ्यता की निशानी है।
Friday, 13 October 2017
अकेले रहने से बचें -
Monday, 2 October 2017
~ आंकड़े ~
आंकड़े जिनसे हो जाता है शहर स्वच्छ,
आंकड़े जिनसे गांव के गांव शौचमुक्त हो जाते हैं,
आंकड़े जो कर देते हैं खेतों की सिंचाई और उन्नत पैदावार,
कुछ यूं आंकड़े ही हमारा पेट भर जाते हैं।
महंगाई, गरीबी को कम करते ये आंकड़े,
शिक्षा को जन-जन तक पहुंचाते आंकड़े,
रोजगार का सृजन करते ये आंकड़े,
आय की असमानता दूर करते ये आंकड़े,
अमीर-गरीब का फर्क मिटाते ये आंकड़े,
दंगों, हिंसाओं का सच बताते ये आंकड़े,
नदियों की सफाई का ब्यौरा देते आंकड़े,
विकास का लक्ष्य साधते ये आंकड़े,
आंकड़ों से, इन्हीं आंकड़ों से ही तो देश का भविष्य(जीडीपी) तैयार हो जाता है।
सौ बड़े झूठ मिलकर भी जहाँ छोटे पड़ जाते हैं ऐसे बलवान होते हैं ये आंकड़े।
Sunday, 24 September 2017
- दिखाई ना देने वाले रेप -
Tuesday, 19 September 2017
- तेरे मेरे शहर की बारिश -
Saturday, 16 September 2017
- हवा और पानी -
Friday, 1 September 2017
बुलेट चलाने वालों से निवेदन -
Friday, 11 August 2017
- नीम का पेड़ -
हमने कहा - हाँ था, पर वो तो कब का उखाड़ दिए।
पंडित जी ने कहा - अच्छा। असल में कहीं भी ऐसे पेड़ रहते हैं तो घर पहचानने में बड़ी आसानी होती है।
उनकी बात सुनके लगा कि वाकई ये पेड़ हमारे लिए दशकों से एक लैंडमार्क का काम करते आए हैं। लेकिन बदलते समय के साथ हमारा जो एक रिश्ता पेड़-पौधों के साथ हुआ करता था, उसमें बड़ा बदलाव आया है। जीपीएस ने हमारी स्मरण शक्ति पर रोक लगा दी है। देखा जाए तो हमारी कितनी ढेरों स्मृतियाँ जुड़ी होती है इन पेड़ों से। अब इस एक नीम पेड़ की ही बात की जाए तो बचपन में हम इन पेड़ों से नीम के फल (जिनसे नीम का तेल बनता है) को तोड़कर इकट्ठा करते थे। कभी उन नीम के फलों को इकट्ठा कर कोई नया खेल इजात कर लेते तो कभी उन छोटे-छोटे फलों से एक-दूसरे को मारते। तो कभी पेड़ की छांव में बैठकर वहाँ धूल को साफ कर अपना घर बनाते। तो कभी पेड़ से झड़ते फूलों को इकट्ठा कर उस धूल की क्यारियों से बने घर को सजाते। और फिर पास में कच्चे रेत को एक ग्लास या कटोरे में भरकर नये-नये सांचे बनाते और फिर छोटी-छोटी टहनियों से अपने उस घर को सजाते। हर दिन एक नयापन होता था। सब बच्चे जड़ के आसपास अपना अलग-अलग तरीके से घर बनाते।
हां तो ये धूल और उससे जुड़े खेल खेलना ये सब एक उम्र तक चलता रहा। फिर हम थोड़े बड़े हुए।
अब हम थोड़े बड़े हुए तो हमने गुल्ली डंडा, नदी-पहाड़ आदि खेल खेलना शुरू कर दिया। फिर थोड़े बड़े हुए तो क्रिकेट, फुटबाल आदि आदि। लेकिन ये एक श्रृंखला चलती रही सब अपनी उम्र के मुताबिक खेल खेलते रहे।
और इस श्रृंखला का सबसे मजबूत पक्ष क्या था?
यह वो नीम का पेड़ ही था जिसकी छांव में हर उम्र का बच्चा आकर बैठता, खेलते हुए जब थक जाता तो खुद को हमेशा उस पेड़ के नीचे पाता। वो पेड़ हमसे जुड़ा हुआ था, और हम उस पेड़ से जुड़े हुए थे। उस छोटे से खाली मैदान सी जगह में उपस्थित वह पेड़ हमारे जीवन का हिस्सा था, लेकिन एक दिन कुछ कारण से वह पेड़ काट दिया गया। श्रृंखला टूट गयी, अब न उस पेड़ की शीतल छाया थी न ही उसके इर्द-गिर्द खेले जाने वाले खेल और न ही बच्चों की वो पहले जैसी धमाचौकड़ी। उस श्रृंखला में गजब का बिखराव आ चुका था।
आपके हमारे आसपास ऐसी न जाने सैकड़ों श्रृंखलाएं टूटती बिखरती रहती हैं, और हम देख भी नहीं पाते हैं। पेड़ CO2 लेकर हमें आक्सीजन देती है, हम आए दिन ऐसी रटी-रटाई चली आ रही बातें करते हुए उसकी महत्ता को सीमित करते रहते हैं। और जब पेड़ कटता है तो हमें लगता है कि बस एक पेड़ ही तो कटा है, लेकिन वो सिर्फ एक पेड़ कहां होता है वो तो हमारी स्मृतियों का एक जीवंत दस्तावेज होता है।
अभी कुछ दिन पहले एक अफसर से हमने सुना कि एक-दो पेड़ कट जाता है तो बेवजह कितना हल्ला होता है, दूसरे जगह वृक्षारोपण भी तो रहा है। मतलब बदमाशी की भी एक हद होती है, माने इतना छिछला,धूर्तता से भरा तर्क कोई कैसे दे सकता है, कुछ पेड़ टूटे, एक पूरी श्रृंखला में टूटन हुई , इसकी भरपाई के लिए जो नये पौधे रोपे गये, उन्हें पेड़ बनने में कितने साल लग जाएँगे। और ये जो इतना लंबी खाई बनी ये जो गेप बना, इसकी भरपाई कैसे होगी। इसके लिए क्यों नीतियों की निर्मम समीक्षा नहीं की जाती।
हमने देखा कि पेड़ों को बचाने की बात करने वालों को गँवार और पिछड़ा समझा जाता है। सही ही है, आज भी दूरस्थ गांवों में रहने वाला व्यक्ति छोटी टहनियाँ उठाने के लिए दस किलोमीटर तक की पदयात्रा कर लेता है, सचमुच एक गधा और देहाती व्यक्ति ही ऐसा कर सकता है। वो चाहता तो पास के पेड़ों से कुछ टहनियाँ तोड़ लेता, लेकिन दस किलोमीटर दूर जंगल में गिरी हुई टहनियों को उठाकर अपने उपयोग में लाना वो अपनी जिम्मेदारी समझाता है। वास्तव में देखा जाए तो वो पर्यावरण का सबसे बड़े रक्षक होता है। इनकी बुद्धि भी सीमित, तर्कशक्ति और समझ भी सीमित फिर भी इनका सामाजिक विज्ञान, इनका नागरिकशास्त्र हमसे हजार गुना अधिक विकसित। अब चूंकि पर्यावरण को बचाना इनकी जीवनशैली का हिस्सा है तो इन्हें जाहिल गँवार घोषित कर इन्हें हर समस्या के लिए दोषी बनाकर थोपे जाने वाले सारे तर्क एवं प्रतिक्रियाएँ स्वतः ध्वस्त हो जाती हैं।
देखा जाए तो आज के समय में जाहिल गँवार देहाती हो जाना या ऐसी उपमाओं से खुद को सुशोभित करना पीएचडीधारी डाक्टरेट की उपाधि ग्रहण करने से लाख गुना बेहतर है।
आखिरी बात ये कि हममें से हर किसी के जीवन में ऐसे नीम के पेड़ रूपी कुछ स्मृति चिन्ह होते हैं, उन्हें हमें हर हाल में बचाना चाहिए, बार-बार बचाना चाहिए।
Saturday, 17 June 2017
~ Sex, Marriage and Settlement ~
Thursday, 15 June 2017
कुछ सवाल--
~ जहां के गांव वालों ने नदियां सूखा दी हों,
~ जहां गांव वालों ने तालाब पाट कर अपने लिए घर बना दिए हों,
~ जहां गांव के लोगों ने कुएं समाप्त कर दिए हों,
~ जहां गांव वालों ने अपनी जरूरतों के लिए जंगल के पेड़ों का सफाया कर दिया हो,
~ जहां गांव वालों ने अपनी मूलभूत आवश्यकताओं के लिए प्रकृति को किसी भी प्रकार से नुकसान पहुंचाया हो,
~ ऐसे गांवों का भी नाम बताया जाए जहां कचरे-कूड़े का टीला बन गया हो और सफाई न होती हो,
~ ऐसे गांवों का भी नाम बताया जाए जहां बजबजाती नालियां बहती हों और उसकी सफाई के नाम पर कुछ भी न होता हो,
अब दूसरा पहलू, शहरों की बात करते हैं...
भारत का एक ऐसा शहर/महानगर/
बताया जाए जहां---
~ उफनती गंदी नालियां न हों,
~ जहां कचरे के बड़े-बड़े ढेर न हो,
~ जहां के लोगों ने जुगाड़ लगाकर अपने स्वार्थ हेतु तालाबों/पोखरों को समतल न किया हो,
~ जहां हजारों की संख्या में पेड़ न कटे हों,
~ जहां के लोगों ने नदियों/झीलों/
~ जहां साफ पानी और साफ हवा ( जीने के लिए सबसे मूलभूत जरूरत) मिलती हो,
तुलना-
1) आदर्श ग्राम तो भारत में सैकड़ों की संख्या में है, एक ऐसा आदर्श शहर का नाम गिनाइए, आदर्श शहर छोड़िए कोई छोटा शहर कस्बा टाइप का ही बता दीजिये,
2) क्यों गांव के लोगों को Go green का T-shirt नहीं पहनना पड़ता? ये चूतियापा शहर के लोगों द्वारा ही क्यों? जबकि उनकी जीवनशैली का हर दूसरा काम प्रकृति को नुकसान पहुंचाने वाला है।
3) गांव के लोग क्यों कभी स्वच्छता के लिए जागरूकता कैंपेन टाइप का ढोंग करते नहीं दिखते?
शहर के लोग ही क्यों,
क्या ऐसा तो नहीं कि शहर के पढ़े-लिखे लोग सच में ज्यादा सभ्य हैं या ज्यादा साफ-सफाई से रहते हैं?
4) गांव में किसी का एक बड़ा सा घर है, मेहनती किसान है, उसकी तुलना में शहर में 1-बीएचके फ्लेट में रहने वाला कैसे ज्यादा सभ्य मान लिया जाता है?
लोग रहने लगे और बिचौलियों ने जमीन का रेट ऊंचा कर दिया, क्या सभ्य होने की वजह ये माने या कुछ और?
5) जागरूकता और कैंपेनिंग से, बड़े पांच सितारा होटलों में सेमिनार करने से, पर्यावरण संरक्षण वाले कपड़े पहनकर ग्रुप फोटोग्राफी से, न्यूज में आने से, सोशल मीडिया के दिखावे से, स्मार्ट सिटी नामक इन सब चोचलेबाजी से क्या ऐसा शहर बन पाएगा, जहां प्रकृति को नुकसान पहुंचाने वाली मानसिकता का सर्वनाश हो जाए?
6) गांव-गंवई के लोग अनपढ़ गंवार होने के बाद भी नदियों, जंगलों को बचाने के लिए कभी पेड़ों से चिपक जाते हैं तो कभी पानी के अंदर हफ्ते-भर रह लेते हैं, शरीर तक गल जाता है..
शहरी लोगों ने कब ऐसा प्रयास किया, इसका 1% भी अगर कुछ किया हो तो तथ्य सामने लाए जाएं।
7) आखिर ऐसा क्या कारण है कि गांवों में ये तहस-नहस और नुकसान पहुंचाने वाली मानसिकता नहीं हैं?
पर्यावरण के क्षेत्र में पीएचडी होल्डर विद्वान कब ऐसे वास्तविक तथ्यों से टकरायेंगे? या फिर जीवन भर डींगे हांकते रहेंगे।
8) आखिरी बात ये कि एक Statistics इस पर भी बने कि आखिर पर्यावरण प्रदूषण में सबसे ज्यादा योगदान किसका है, गांव के उन 70% लोगों का या 30% शहरी निवासियों का?
Somewhere in a remote village of uttarakhand |
Wednesday, 22 February 2017
~ मितव्ययिता ~
उसी दिन शाम को पापा मुझे गाड़ी में बिठाकर घुमाने ले गये। शायद उन्हें दु:ख पहुंचा होगा। मैं चुपचाप गाड़ी में बैठा रहा, कंधे/कमर में हाथ पकड़कर बैठने की हिम्मत भी नहीं हो रही थी। हल्की-हल्की ठंड थी, हाफ-पैंट पहना हुआ था तो जब भी पास से कोई ट्रक गुजरता, उससे निकलती गर्म हवा से पैर से लेकर जांघ तक गजब का सुकून मिलता।एक पल को लगता कि ये ट्रक कुछ देर हमारे साथ-साथ क्यों नहीं चलता। पापा ने मुझे उस दिन शाम को आइसक्रीम खिलाई, मैं तो आइसक्रीम खाने के बाद एक झटके में सारी मार भूल गया।
इस घटना के ठीक एक हफ्ते बाद मैंने एक लड़के के कंधे पर दांतों से काट लिया, और फिर से मेरे लिए डंडा टूटा। खैर ये सिलसिला चलता रहा।
मूल बात ये कि उस शाम मैं आइसक्रीम पाकर सब कुछ भूल गया था। वो इसलिए भी क्योंकि उस उम्र में बाहर से कोई चीज खरीद कर खाना बहुत बड़ी बात होती थी। हमारे मन में यही होता था कि सुबह नाश्ता, दोपहर खाना और रात का खाना, यही सब कुछ है। इसके अलावा बाहर कुछ भी खाते हैं तो वो हमें बीमार कर देगा। हम अगर कभी शाम को चोरी-छिपे तेल से तली हुई चीजें खाकर घर पहुंचते तो भी मन में ये रहता कि जैसे हमने कोई गलती की है, कायदा तोड़ा है।
शाम को जब पापा आफिस से लौटते तो हमेशा मन में ये रहता कि कुछ लाएं होंगे क्या, मम्मी की साड़ी से लिपटकर कहते कि पूछो तो जरा कि कुछ लाएं हैं कि नहीं। हमारी तो पूछने की हिम्मत कभी न होती। मुझे आज भी समझ नहीं आता कि पापा के आने की भनक पाते ही खाट, पलंग और दरवाजे के किनारों में आखिर हम क्यों छिपते थे, जबकि कुछ सेकेंड बाद निकलना होता ही था।
कभी मामा घर जाते तो मामा-मामी हमें पांच दस रुपए हाथ में थमा देते और कहते कि रखे रहना, फालतू खर्च मत करना। मुझे आज उस पैसे का महत्व समझ आता है, वो पांच दस रुपए जो हमें दिया जाता है, उससे हमें मितव्ययिता का पाठ पढ़ा दिया जाता था। कि अभी तुम्हारी उम्र और समझ विकसित नहीं हुई इन पैसों को खर्च करने की। और हम उन पैसों को महीनों तक अपने पास रखते भी थे। अगर खर्च करते भी थे तो कुछ जरूरत की ही चीज लेते थे। और अगर उन पैसों से बाहर किसी दुकान से कुछ खरीदकर खा लेते तो थोड़ा गलत सा लगता कि जो दस रुपए अभी हमने खर्च कर दिया वो बहुत कीमती था। हां हम ऐसा करके खर्चीले कहलाते लेकिन हमारी दीदी बहने कितने महीनों तक उन पैसों को संभाल के रख लेती, उनके जमा पैसों को देखकर हमें ऐसा लगता कि हमारे हाथ खाली हैं, हमारे पास कुछ भी तो नहीं है। जब बहुत ज्यादा बुरा लग जाता तो फिर हम मां से पांच रुपए जबरन मांग लेते कि देना तो मैं इसे रखूंगा अपने पास।कभी खर्च नहीं करने की कसम खा लेते।
लेकिन आज, आज जमाना बदल गया है। पता नहीं आजकल के मां-बाप एवं बच्चों को मितव्ययिता का अर्थ पता भी है या नहीं। आज के बड़े होते बच्चे क्या अपने मां-बाप के घर आने पर इंतजार करते हैं कि वे कुछ लेकर आए होंगे। अरे उन्हें तो पाकेट मनी ही इतनी मिल जाती है कि बस क्या कहने। हमारे मां-बाप हमेशा हमें छोटी-छोटी चीजों से खुश रखते, जिस चीज की जरूरत जिस उम्र में है, उसी उम्र में ही हमें मुहैया कराया जाता। मैं जब समय से पहले घरवालों से छिप-छिपकर दोस्त के साथ उसकी गाड़ी से ड्राइविंग सीखने लगा, तो हमारी बहनों ने पापा से शिकायत कर दी कि देखो लड़का बिगड़ रहा है, संगति देखो इसकी। लेकिन आज, एक दसवीं पास बच्चा पचास हजार का फोन लेकर चलता है, कार चलाना सीख जाता है और लाख रुपए की बाइक में घूमता है, उस दसवीं के बच्चे की जरूरत इतनी है ही नहीं, फिर भी मां-बाप अपनी औलाद को चढ़ा कर रखते हैं, बेटा कहां जा रहा है क्या कर रहा है कैसे लोगो के साथ उठना-बैठना कर रहा है, किसी को नहीं मालूम, फिर एक दिन कोई अनहोनी हो जाती है और मां-बाप सर पकड़ के बैठ जाते हैं।
आज लोगों के पास हर चीज जरूरत से ज्यादा है। और इस आपाधापी में जिंदगी का जो आनंद होता है, वो पूरी तरह से खत्म हो रहा है।
बच्चों को कैसे मूल्य दिये जाएं, कैसे आज के इस बदलते परिदृश्य में उनकी परवरिश की जाए, आज के अधिकतर मां-बाप को इसकी समझ ही नहीं, घूम-घूमकर सेमिनार में भागीदारी निभाते हैं कि बच्चों का विकास कैसे किया जाए, और बच्चों को ढंग से समय ही नहीं दे पाते, समय देते भी हैं तो एक दूसरे के फोन में एप्लीकेशन्ज और बाकी जानकारी मां-बाप अपने बच्चों से ले रहे होते हैं। और ये सोशल मीडिया बच्चों को जितना तबाह कर रहा है उसके कहीं ज्यादा आज के माडर्न मां-बाप को चपेट में ले रहा है, वे इस चक्कर में रोबोट बनते जा रहे हैं और तो और बच्चे अब उन्हें किसी बोझ की तरह भी लगने लगते हैं, वे अब हर नई जिम्मेदारी को बस कैसे भी करके निपटाना चाहते हैं। अरे एक बच्चे के संपूर्ण व्यक्तित्व का जो एक शुरुआती काउंसलिंग होता है, वो एक मां-बाप से बेहतर और कोई नहीं कर सकता, अगर इतनी सी बात नहीं समझ आती तो भेजिए ट्यूशन क्लासेस, फलां क्लासेस आदि आदि।
शौक तो सबके होते हैं, हम बचपन में किसी चीज की जिद करते, तो हमें हफ्ते महीने बाद वो चीज मिलती, आपने कभी सोचा कि ऐसा क्यों होता था, ऐसा नहीं है कि पैसे का अभाव होता था, बल्कि बात ये थी कि इस पूरी प्रक्रिया से वे हमें धैर्य का पाठ पढ़ा देते थे। और हमें इतने महीनों बाद जब वो चीज मिलती थी तो हम खुशी से झूम उठते थे। लेकिन आज लाखों की गाड़ी खरीदने के बाद भी वो आनंद नहीं है, क्योंकि आप मूल्यहीन हो चुके हैं। आपने धैर्य का पाठ पढ़ा ही नहीं। महंगे गैजेट्स, गाड़ी या और कोई दूसरी चीज हो, आप उसकी खरीददारी इसलिए नहीं कर रहे कि आप रोज उस चीज को पाने का सपना देखते थे या आपको उसका सालों से इंतजार था बल्कि इसलिए करते हैं ताकि आपके ईगो का तुष्टीकरण हो सके।
आज के समय में जैसे बच्चा किसी चीज की जिद कर रहा है तो तुरंत उसे पैसे पकड़ा दिया, उम्र से पहले ही एटीएम दे दिया, हां मार्केट सजा हुआ है, हर चीज तैयार है आपकी सुविधा के लिए, जी भर के खर्च करो, सोच के गये थे कि एक हजार की खरीददारी करेंगे, कर आते हैं पांच हजार खर्च। अपार सुविधाएं मिल रही है इस जनरेशन को, जो मांगा तुरंत हाजिर। स्वाइप करो ऐश करो। बिस्तर में लेटे-लेटे खाना आर्डर करो, मनमाने आनलाइन शापिंग करो। लेकिन भाई साहब हर जनरेशन की अपनी कुछ जिम्मेदारियां होती है, अगर आपको ये नहीं दिख रहा कि कल जाके आपके बच्चे मूल्यहीन हो जाएंगे तो इसमें पूरी गलती आपकी है। आपने एकदम टेक्नोलॉजी को गर्दन से चिपका लिया है, अब हिल भी नहीं पा रहे, नया कुछ सोच नहीं पा रहे। बस एक धुन में बहे जा रहे हैं, बेहिसाब फिजूलखर्च कर रहे हैं, और बच्चों को भी यही सीखा रहे हैं। कंजूसी और मितव्ययिता में थोड़ा सा फर्क होता है, इसे आप इतनी पढ़ाई करने के बाद भी समझ नहीं पा रहे, जीवन में उतार नहीं पा रहे हैं। कम से कम एक पांव रख भी लीजिए जमीन पर। थोड़ा प्रकृति से जुड़िए। प्रकृति में धैर्य है । तकनीकी में अधैर्य । जीवन धैर्य में है। साँस क्या जल्दीबाजी में ले सकते हैं क्या ,बेसब्री के कारण ,हमारे जीवन का आनंद ही गायब हो रहा है ,हमें खबर ही नहीं।
Monday, 20 February 2017
~ स्वाभिमान की लड़ाई ~
पता नहीं तुम सच में मंत्रों का जाप करती हो या नहीं, लेकिन अगर तुम ये पढ़ रही होगी तो इस पर तुम्हारा ध्यान जरूर जाएगा।
मंत्र कुछ इस तरह है--
कराग्रे वसते लक्ष्मि:, करमध्ये सरस्वति।
करमुले तु गोविन्द:, प्रभाते करदर्शनम्।
समुद्रवसने देवि:, पर्वतस्तनमंडलेः,
विष्णुपत्नि नमस्तुभ्यं ,पादस्पर्शं क्षमस्वमे।
क्षमा करना कि मैंने तुम्हें सपने में देखा। सपने में हम दोनों साथ में घूम रहे थे, याद है तुम्हारे शहर से एक नदी होकर जाती है, नदी पर घाट बने हुए हैं, उस नदी के एक ओर मंदिर बना हुआ है, और ठीक उसी नदी के दूसरी ओर एक पुरानी हवेली है, उसके पीछे की गली में आज भी दुकानें सजती है। हम उन गलियारों में महीने में एक या दो बार छुप-छुपाकर घूमने जाया करते थे, मैंने तुम्हारे लिए शायद कुछ खरीदा भी था। याद है तुम अपने भाई के साथ मेले में झूला झूलने गयी थी, तुम्हें शायद झूले से डर नहीं लगता था, एक मैं था जो झूले से दूर भागता था इसलिए तुम अपने भाई के साथ झूला झूलने जाती थी। याद है तुम कितनी चुलबुली हुआ करती थी, एक बार तुमने और मैंने एक तांगे वाले से जिद कर ली और उसी को पीछे बिठाकर उसका तांगा चलाया था और फिर हम तीनों धड़ाम से पास के एक खेत में जा गिरे थे। तुम्हें संस्कृत बहुत पसंद था, तुमने शायद अपने पापा से सीखा था, तुम हमेशा संस्कृत के बारे में मुझे सिखाती और मैं हंसने लगता, क्योंकि मुझे तुम्हारी बात समझ न आती। तुम ये कहती कि संस्कृत लिखा-पढ़ी वाली कोई भाषा नहीं, इसे हमेशा एक कंठ की जरूरत होती है जो इसका सटीक उच्चारण करे और आने वाली पीढ़ी को सौंप दे।
पता है सबसे डरावना क्या था, वो ये कि मैंने तुम्हारे बचपन से लेकर आज को उस सपने के शुरुआती क्षणों में देख लिया, हां मैंने सब देख लिया और अभी मैं इसे संभाल नहीं पा रहा हूं, किसी को उसकी अनुमति के बगैर ऐसे पूरा जान लेना मुझे अंदर से खाये जा रहा है। मैं कुछ भी नहीं जानना चाहता तुम्हारे बारे में, मिटा देना चाहता हूं तुमसे जुड़ी ये स्मृतियां। मैं अब नहीं चाहता कि तुम मेरे चेतन अचेतन में कहीं भी रहो, नहीं अब तुम्हें मेरी स्मृतियों में रहने की इजाजत नहीं है। तुम्हें हमेशा के लिए दूर हो जाना चाहिए। तुम इस तरह से मेरे सपने में क्यों आई, ऐसे गहरे तक झकझोर चुकी हो कि मैं कभी जिंदगी भर तुम्हें इसके बारे में बता नहीं पाऊंगा, मैं ये कभी नहीं बतलाऊंगा कि वो तुम ही थी जिसे मैंने हूबहू सपने में देखा।
सपना जब अपने आखिरी पड़ाव में था तो कुछ ऐसी स्थिति थी। उस समय ऐसा लगा कि सिर्फ तुम ही हो जो मेरे सपने में आई थी, तुम ही तो हो जिसके लिए मैंने इतनी मारकाट मचा दी। फिर मुझे ये लगने लगता है कि सिर्फ तुम नहीं हो, तुम्हारे जैसे पता नहीं कितने और हैं जो अपने स्वाभिमान की लड़ाई लड़ रहे हैं, अब मेरे सामने चेहरे झूल रहे हैं, ऐसा लग रहा है जैसे मैंने इन सबके लिए तलवार उठा ली। हां मैं उनका नाम तुम्हें नहीं बता सकता, मैं तो तुम्हें ये भी नहीं बता सकता कि मैंने सिर्फ तुम्हें देखा था और सिर्फ तुम्हें देखने के एवज में मुझे न जाने कितने लोग याद आने लगे। ऐसा प्रतीत हो रहा है जैसे तुम उन लड़कियों का प्रतिनिधित्व कर रही हो। तुम अपने अस्तित्व को मिटाने के लिए हमेशा तैयार रहती हो, खुद अस्तित्वविहिन होकर दूसरों के अस्तित्व की रक्षा के लिए दुआएं करना कोई तुमसे सीखे।
देखो न तुम्हें नुकसान पहुंचाने वाले आज इस दुनिया में नहीं हैं।जो थोड़े बहुत रह गये थे तुम्हें बदनाम करने के लिए मैंने उन्हें भी तुमसे हमेशा के लिए दूर कर दिया, उन्हें मौत की नींद सुला दी।अब उनका साया का भी तुम तक नहीं आ पाएगा। तुम जब लिखोगी तो मेरे नाम सजाएं लिखना। लिख देना कि तुम्हें तुम्हारा सम्मान दिलाने के लिए मैंने हथियार उठाये। लिख देना कि मैंने खून की होलियां खेली।
मैं तुम्हें कभी नहीं बता पाऊंगा कि मैंने तुम्हें सपने में देखा।नहीं बताऊंगा तुम्हें कि मैंने चाकुओं का वार झेला, ये भी नहीं बताऊंगा कि मैंने कितनों को मौत के मुंह में ढकेल दिया।
हंडियां चपटी हो गई हैं, बर्तन और बाकी सारे सामान बिखरे पड़े हैं, टूटी लकड़ियां बिखरी हुई हैं, धारदार चाकू खून से सने पड़े हुए हैं जमीन पर, उसी जमीन पर जहां आज तुम्हारा अहित चाहने वालों को मैंने अपने तलवार से लहूलूहान कर दिया। पता है सब तरफ मुझे लाल रंग दिखाई दे रहा है। उसी वक्त मुझे पकड़ने के लिए वहां कुछ सैनिक आ जाते हैं, मेरे एक हाथ में चाकू और दूसरे हाथ में तलवार और कुछ इस तरह मेरा रौद्र रूप देखकर वे वहां से चले जाते हैं। मैं फिर वहीं खड़ा रहता हूं, शांत पड़ जाता हूं, और फिर घुटनों के बल गिर जाता हूं और फिर कुछ देर बाद मैं अपने खून से सने कपड़ों को वहीं फेंक देता हूं और नये कपड़े पहनकर उस जगह से कहीं दूर चला जाता हूं।रास्ते भर यही सोचते रहता हूं कि तुम्हें तुम्हारा स्वाभिमान लौटाने के लिए मैंने ये क्या कर दिया। करीब दो दिन और दो रात लगातार जंगल के रास्ते चलते चलते मैं एक दूसरे गांव में पहुंच जाता हूं।
मैं तुम्हें ये कभी नहीं बताऊंगा कि जब तुम्हें किसी ने बदनाम करने की कोशिश की तो मैंने हथियार उठा लिए, मैं लड़ने लग गया, घायल हुआ और लोगों को घायल भी किया। सब कुछ कितनी जल्दी हो रहा था। मैं बिना कुछ सोचे, बिना कुछ समझे बस मारे जा रहा था, मेरे सामने सिर्फ एक ही चीज थी, तुम्हारा स्वाभिमान से जड़ा चेहरा। मैं तुम्हें इस भयावह सपने के बारे में और बताकर डराना नहीं चाहता। मैं तुम्हें अगर अपने सपने के बारे में और बताने लगूंगा तो तुम्हें मेरे विचार सुन समाज के खिलाफ जाना पड़ेगा, अकेलेपन का जीवन जीना पड़ेगा, लड़ाईयां लड़नी पड़ेगी, इसलिए तुम ऐसा कभी मत करना।
पता नहीं तुम्हारा मेरा रिश्ता कितना पुराना है। लेकिन तुम मेरे लिए एक सपना या कल्पना हो ही नहीं सकती, तुम तो एक चेहरा एक व्यक्तित्व लिए इसी जीवन में मौजूद हो मेरे साथ, हां भले तुम मुझसे दूर हो, अपना एक अलग जीवन जी रही हो। लेकिन मुझे ये महसूस होता है कि तुम बराबर मेरे हिस्से का जीवन बांट रही हो।

Friday, 17 February 2017
~ I Travel ~
Because soft music/dj songs, coffee etc doesn't work in my case,
I travel,
Because sometimes books can't heal my wounds,
I travel,
Because it's like a process of understand you, and out of that understanding comes love.
I travel,
Because this is the only way i can discover my innerself,
I travel,
Because I really care about myself and I can't digitalize every portion of my life.
I travel,
Because i cant live in a highly infective place(society) for a long time.
I travel,
Because i cant push myself in between those rotten knowledge patterns and sick ideologues.
I travel alone,
Because i cant let my real emotions unfold.
I travel alone,
And by doing this way i dont need hotel rooms and luxury,
I eat according to availability,
I sleep wherever i want, yes My source of relaxation is waiting rooms, treeshades and railway/bus stations.
I travel,
because I thought sources must be preserved, both cultural diversity and biodiversity.
I travel,
i travel a lot, specifically to mountains for fresh air and water, because nowadays technology owes ecology.
I travel,
and i face difficulties, for days like these i have tomorrows,
tomorrow where the promises live,
where the heart get whole and wounds get healed.
I travel,
Because i realize that i am a man of character and i dont let myself down infront of those tamasik people.
I travel,
Because this is how civlizations flourishes.
Tuesday, 14 February 2017
~ मैं लड़की नहीं ~
मैं भला आज इतना क्यों सोच रही हूं, सामान्य सी बात तो है।
हां ये तो मेरे लिए रोजमर्रा की बात थी, रोज इसी रास्ते होकर कालेज के लिए बस पकड़ती हूं, लेकिन आज मुझे ये क्या हो गया है, शायद आज मैं देख पा रही हूं कि एक लड़की होने के नाते मुझे कितनों के द्वारा देखा जा रहा है, ये आज इतना लड़कीपन मुझमें क्यों आ गया है, मेरी खूबसूरती सामान्य सी है, कपड़े भी ज्यादा भड़कीले नहीं हैं, फिर भी मुझे ये पता नहीं कि कौन किस नजरिए से देख रहा है, लेकिन एक बात तो स्पष्ट है कि आज मैं इन सब देखने वालों की गिनती कर रही हूं तो मुझे घबराहट सी हो रही है, डर सा लग रहा है।
मेरे घर से चौराहे तक की दूरी लगभग पांच सौ मीटर है, मैं ये दूरी नापकर रोज की तरह अपने कालेज की बस का इंतजार करने लगी। कुछ एक मिनट तक वहां खड़ी रही तो मुझे लगा कि फिर से कुछ लोग मुझे देख रहे हैं, मैं अब पीछे चली जाती हूं, उन लोगों के चेहरों को याद करने लगती हूं जो पहले ही रास्ते में मुझे देख चुके हैं और फिर से घबराने लगती हूं। शायद मेरे मम्मी-पापा को भी कुछ इसी तरह बैचेनी होती होगी मेरे लिए, जब मुझे कभी घर लौटने में देरी हो जाती है।
मैं वहां चौराहे में खड़ी मन ही मन सोचती हूं कि जल्दी से मेरी बस आ जाए, अपनी उंगलियाँ मरोड़ने लगती हूं, पैरों को धीमे से जमीन पर पटकने लगती हूं। लेकिन आज मेरी बस का कोई पता नहीं, रोज इस टाइम पर तो आ जाती थी, आज इस बस को क्या हुआ। उतने में ही एक कोई अंकल आते हैं और मुझसे टाइम पूछने लगते हैं, इस भीड़ में मैं ही उन्हें मिली क्या? मैं अचानक से उन्हें अपने सामने देखकर कुछ समझ नहीं पाती कि क्या जवाब दूं, मेरी जुबान सिल जाती है, मैं डर के मारे कांपने लगती हूं, और फिर इसी दौरान घबराहट के मारे मेरी नींद खुल जाती है, उठने के बाद पता चलता है कि 'मैं लड़की नहीं'।
Saturday, 14 January 2017
~ चार दोस्त ~
'हवा मिट्टी पानी और अखिलेश'
लेकिन ये चारों कितने साल बाद मिल रहे हैं। शायद इन्हें भी अच्छे से नहीं पता। कितने दशक बीत गए होंगे और आज जब चारों व्यास नदी के तट पर मिल रहे हैं तो उत्सव सा माहौल है। सबके पास बताने के लिए कितना कुछ है। सब एक-दूसरे को देखते हैं, हाल-चाल पूछते हैं और फिर चारों की बातें शुरू हो जाती है।
हवा- तुम इतने साल कहां थे अखिलेश, इतनी देर कैसे लगा दी आने में। और ये क्या हाल बना रखा है, तुम्हारे चेहरे का रंग गायब है।
अखिलेश- एक स्कूल करके जगह होती है, तेरह साल मैं वहां रहा, फिर चार साल कालेज। और उसके बाद फिर कुछ साल एक विशेष पढ़ाई पढ़ ली,दो-तीन साल उसमें लग गए। इसलिए आने में इतनी देर हो गई। और तुम कहां थे, तुम क्या मुझे बुला नहीं सकते थे। इतने साल अकेला रहा मैं, मेरे दोस्त यार छूटते गए, कोई भी नहीं बचा। अब जबकि सब पीछे छूट गए तो तुमने मुझे बुलाया है। मेरे लिए ये कितने दुःख की बात है कि तुम तीनों के अलावा मेरे पास और कुछ नहीं बचा है। मन को सुकून पहुंचाने के लिए तरह-तरह की बातें हैं और तरह-तरह के लोग, लेकिन कुछ भी ऐसा नहीं है जिसे मैं अपना कह सकूं।
मिट्टी- तुम अपनी पढ़ाई, अपने भविष्य और अपने दोस्तों के बीच मस्त थे इसलिए हमने तुम्हारी जिंदगी में दखल नहीं दिया। हमें विश्वास तो था कि देर-सबेर तुम आओगे जरूर। खैर इसे देखो, हवा कितनी नाराज है तुमसे, यही तुम्हें सबसे ज्यादा याद करती थी।
हवा- मैं न याद करूं इसे। ये तो इतने साल मेरे जहरीले रूप को ही ग्रहण करके खुश था। मेरे लिए कुछ किया भी है इसने वहां रहकर, मुझे तो इसने कहीं का नहीं छोड़ा, मुझे लोगों का दुश्मन बना दिया, और अब यहां थोड़ी साफ-सुथरी बची हुई हूं तो बुलाते ही यहां दौड़ा चला आया है।
अखिलेश- देखो मैंने कोशिश की थी कि मैं अपने बिरादरी में जाकर तुम्हारे महत्व को समझाऊँ। लेकिन तुम्हें क्या पता कि बदले में लोगों ने मुझे कितना जलील किया है। हर जगह ठोकर ही खाया हूं। हां मैं हार गया, मैं नहीं रख पाया तुम्हारा ख्याल, अब ये मेरे बस की बात नहीं है, मुझसे न होगा ये, हो सके तो मुझे माफ कर देना।
पानी- किसने जलील किया तुम्हें। कुछ बातें सुनाई होंगी ज्यादा से ज्यादा। तुम किस्मत वाले हो कि बस जलील होकर आए, यहां तो मेरा पूरा शरीर, अणु अणु नोच-नोच कर गंदा किया जा रहा है। रोज कहीं न कहीं मेरी मौत होती है। मेरे हर रूप को या तो छोटा किया जा रहा है। या तो जान से मार दिया जा रहा है। तुम मुझे जीवनदायिनी पुकारते थे न, मैं पानी भी नहीं रही, अब तो मैं एक व्यापार हूं। प्लास्टिक की थैलियों और बोतलों में बिकने लगी हूं।
मिट्टी- क्या कहा अखिलेश तुमने। नहीं रख पाओगे ख्याल। बोल कैसे दिया तुमने ऐसा। अब की बार ऐसा कहा तो कसम लेती हूं तुम्हें यहीं कहीं दफना कर ही दम लूंगी। तुम क्या जानो लोग जब मेरे देह पर तरह तरह के जहरीले रसायन डालते हैं तो मुझे कितनी तकलीफ होती है। मेरी त्वचा देखो, परत दर परत पूरी छिल चुकी है, आये दिन कितनी जलन होती है ये मैं ही जानती हूं। अब उन्हें मैं कैसे समझाऊं कि उनका पालन-पोषण मैं करती हूं, खाद्यान्नों से उनकी झोली भरती हूं और वही आज मुझसे दुश्मन की तरह बर्ताव कर रहे हैं।
अखिलेश- पानी! तुम हमेशा जीवनदायिनी हो, मैं तुम्हें जीवनदायिनी ही पुकारूंगा। तुम्हारी मौत के जिम्मेदार जो भी लोग हैं उन्हें आज नहीं तो कल होश आएगा, वे फिर से तुम्हें सीचेंगे। अगर उन्होंने ऐसा नहीं किया तो इसकी सजा उन्हें एक दिन जरूर मिलेगी।
मिट्टी! अब मैं पूरी कोशिश करूंगा कि तुम पर कोई जहर न डाला जाए। मुझे थोड़ा तो दो ताकि सब ठीक करने के लिए कुछ पहल हो सके।
हवा- अखिलेश, तुम मिट्टी और पानी की बातों का बुरा मत मानना। मैं तो बस नाराज थी लेकिन ये दोनों गुस्से में हैं। इनका गुस्सा जायज है। अब तुम हमारे सुख-दुख के साथी हो। तुम्हारे सामने हाथ फैलाने के अलावा और हमारा पास रास्ता ही क्या है। और मैं क्या बोलूं, क्या मैं अपनी अहमियत गिनाने लगूं कि मेरे बिना तुम एक मिनट भी जिंदा नहीं रह सकते। और तुम वहां जो पुस्तकें पढ़ते हो क्या वो भी हमारे बारे में नहीं बताती। नहीं बताती होगी तभी तुम प्रदूषित हवा में सांस लेकर भी मदमस्त थे। और तुम्हारे उस शहर में ऐसे कितने लोग बचे हैं जो मुझे प्राणवायु पुकारते हैं। शायद कोई भी नहीं।
अखिलेश- ऐसा नहीं है, पुस्तकों में तुम सब का महत्व दिया गया है। लेकिन समय के साथ सब फीका हो गया है। अब उस रास्ते किसी का ध्यान नहीं जाता इसलिए धीरे-धीरे सारी काम की चीजें महत्वहीन होती जा रही हैं। इंसान अपने महत्व की चीजों का फैसला खुद करने लगा है, उनके पास न तो अब कोई नैतिक जिम्मेदारी है न ही उन्हें तुम तीनों से कोई मतलब है, वे हर दिन तुम तीनों को नुकसान पहुंचाकर किसी चौथी समस्या का शोक मना रहे होते हैं। व्याकुल होते हैं क्योंकि अमुक समस्या भी उनके स्वार्थ का एक हिस्सा है। मैं ऐसी बस्ती में जाकर कैसे तुम्हारा दर्शन कराऊं, बताओ। अरे मुझे तो खुद इतने सालों बाद तुम्हारे दर्शन हुए हैं।
हवा, मिट्टी और पानी साथ मिलकर कहते हुए -
लेकिन इतने साल क्या तुम्हें हमारी थोड़ी भी याद न आई। हमने तुम्हें क्या नहीं दिया। तुम्हारे जीने के लिए हर जरूरी चीज मुहैया कराई। हमने मौसम दिए, फल दिए, सब्जियाँ दी, पहाड़ खड़े कर दिए, जगह-जगह नदियां निकाल दी, हमारी ही खुदाई कर तुमने तरह-तरह की धातुएं खोज ली, मुलम्मे को सोना बना दिया।
हमने तो हर उस चीज से तुम्हें लाद दिया जिसके तुमने सपने देखे। तुमने तो खूब जिंदगी जी होगी, तरह-तरह के लजीज खाने खाये होगें, विज्ञान और तकनीक के आविष्कारों और नये बदलते आयामों ने तुम्हारी जिंदगी में तमाम रंग भर दिए होंगे। क्या इस बीच एक बार भी ख्याल नहीं आया कि हम तीनों का शुक्रिया अदा कर दिया जाए। क्या हम आज इतने खराब हो गए कि हमारी जगह किसी और ही चीज को प्राथमिकता दी जा रही है। और हममें आज इतनी खराबी आई है तो इसका जिम्मेदार कौन है।
क्या तुम सच में ऐसा कर सकते हो, हमसे ज्यादा कीमती कौन सी चीज आ गई दुनिया में। हमने तो कभी बदले में किसी से कुछ नहीं चाहा। सनद रहे कि हम ही तीनों ने मिलकर अणुओं का समुच्चय बिठाया है और ये दुनियां बनाई है। और आज ये देखने मिल रहा है कि हमसे ही जन्मा प्राणी मात्र हमें ही मारने पे उतारू हो चला है।
अखिलेश- मैं हर रोज तुम्हें याद करता था। हमेशा से मैंने तुम्हारी दी हुई हर एक चीज का सम्मान किया है। लेकिन मैं जैसे ही तुम्हारे करीब होने की कोशिश करता, तुमसे जुड़ने के लिए आगे बढ़ता, ये बनी बनाई व्यवस्था मेरे बीच आ जाती और फिर से रहस्यमयी प्रश्नों की किसी भुलभुलैया में उलझा देती। मैं इन्हीं प्रश्नों की उधेड़बुन में लग जाता लेकिन अब और नहीं। मैं अब इन रहस्यों की पड़ताल नहीं करूंगा केवल बाह्य पक्ष पर ध्यान देकर अपने अंदर पूरे आदर भाव से छिपा लूंगा। और तो और मैंने अब इस पूरी व्यवस्था से, इससे जुड़े लोगों से हमेशा-हमेशा के लिए दूरी बना ली है।
तुम तीनों के अलावा यहां अब ऐसा कोई भी नहीं जिस पर मैं हक जता कर अपना कह सकूं, उनसे जी भर के बात कर सकूं। हां कुछ ऐसे लोग हैं जिन्होंने खूब ज्ञान अर्जित किया है, जी तोड़ मेहनत की है और आज उनके पास एक नाम है, पद है, भले लोग हैं वे, लेकिन मैं उनसे बात नहीं कर पाता, मजबूर होकर मुझे उनके भारी शब्दों से खुद को अलग करना पड़ता है। और मेरे पास रास्ता भी क्या है, वे अपना दिमाग लेकर आते हैं, और मैं हूं जो यहां अपना ह्रदय लिए बैठा रहता हूं। अब मैं उन्हें कैसे समझाऊं कि मैंने किताबें ज्यादा नहीं पढ़ी है, जो कुछ थोड़ा बहुत है सब तुम तीनों साथियों का दिया हुआ है।
इतना कह लेने के बाद अब उसने अपने तीनों साथियों को दिखाते हुए बिस्किट का एक टुकड़ा हाथ में लिया। फिर उस बिस्किट को पहले मिट्टी में रगड़ दिया, थोड़ी देर बाद उस टुकड़े को वहीं नदी के पानी में हल्का सा धो दिया, और उस गीले बिस्किट को हथेली में रखकर हवा की सहायता से सुखाते हुए कहने लगा-
आज मेरी तुमसे विनती है, मुझे अपने से अलग मत करना। अब इतने सालों बाद जब मैं तुम तक आ गया हूं तो मैं अब तुम्हें छोड़कर कहीं नहीं जाऊंगा। तुम्हारे ही बीच रहूंगा, तुम्हारे लिए ही काम करूंगा। आज से, अभी से तुम मुझे अपना अंगरक्षक स्वीकार कर लेना। तुम्हारे नुकसान का कारण कभी नहीं बनूंगा, वादा।