Sunday, 5 July 2026

स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता - दिखावा या संतुलन?

पिछले कुछ वर्षों में, खासकर कोविड-19 महामारी के बाद, स्वास्थ्य को लेकर लोगों में एक अजीब किस्म की जागरूकता देखने को मिली है। सुबह उठते ही गर्म पानी में नींबू या शहद, लौकी का जूस, हल्दी वाला दूध, इंटरमिटेंट फास्टिंग, रोज़ 10,000 कदम चलना, जिम, योगा ये सब अब आम बात हो गई है। सोशल मीडिया पर फिटनेस इन्फ्लुएंसर्स हर रोज़ नए-नए चैलेंज और लाइफ-चेंजिंग टिप्स दे रहे हैं। लोग सचमुच प्रयास कर रहे हैं और यह अच्छी बात है। लेकिन सवाल यह है कि क्या यह जागरूकता सही मायनों में लाभदायक है, या हम सिर्फ दिखावे और ट्रेंड का शिकार हो रहे हैं?

हममें से लगभग हर किसी के जीवन में कुछ एक लोग ऐसे जरूर होते हैं जो सालों से नियमित जिम जाते हैं, रोज़ कई किलोमीटर दौड़ लगाते हैं या वॉक करते हैं और कई तो योगा की कठिन आसनों में महारत हासिल कर चुके होते हैं। इन लोगों को देखकर हमारा अवचेतन मन हमें बार-बार याद दिलाता है कि हम तो कुछ भी नहीं कर रहे। लेकिन क्या वाकई इनकी इतनी मेहनत हमेशा सही दिशा में हो रही होती है?


विज्ञान और अनुभव दोनों बताते हैं कि किसी भी चीज़ की अति हर जगह त्याज्य है। जो लोग सालों से भारी वेट ट्रेनिंग या लंबी दूरी की रनिंग कर रहे होते हैं, उनके शरीर पर इसका असर दिखता भी है। एथलीट्स और मैराथन रनर्स में घुटनों, कूल्हों और पीठ की समस्याएं आम हैं। बार-बार एक ही मांसपेशियों और जोड़ों पर दबाव पड़ने से चोट, सूजन और लंबे समय में डिजनरेटिव बदलाव आ जाते हैं। जिम में भारी वजन उठाने वाले युवाओं में भी कंधे, कमर और घुटनों की पुरानी चोटें आम हैं। बाहर से चुस्त-दुरुस्त, मसल्स से भरा भूरा शरीर देखकर हम सोचते हैं कि व्यक्ति पूरी तरह स्वस्थ होगा। लेकिन कई बार यही लोग अचानक गंभीर बीमारियों (हृदय संबंधी समस्या, हार्मोन असंतुलन, इम्यूनिटी की कमजोरी) का शिकार हो जाते हैं। कारण स्पष्ट है कि शरीर को सिर्फ शेप देने की दौड़ में हमने उसके अंदरूनी स्वास्थ्य, रिकवरी और प्राकृतिक जरूरतों को बुरी तरह से नजरअंदाज कर दिया है। 


इंसानी शरीर असल में लगातार, हल्के-फुल्के मूवमेंट के लिए बना है, न कि घंटों जिम या एक ही प्रकार की तीव्र गतिविधि के लिए। स्पोर्ट्स पर्सन, प्रोफेशनल एथलीट या ओलंपिक वालों की बात अलग है। प्राचीन काल में इंसान शिकार करता था, इधर-उधर घूमता था, खेती करता था, पेड़ चढ़ता था, पूरे दिन तरह-तरह की गतिविधियां होती थी। फिर थकान महसूस होने पर आराम करना और उठकर फिर से काम पर लग जाना, यही तरीका था। लेकिन आजकल हम ठीक उलटा कर रहे हैं। दिन भर कुर्सी पर बैठे रहते हैं, फिर शाम को एक घंटे जबरदस्त वर्कआउट। बाकी समय हमारा शरीर निष्क्रिय रहता है। इससे शरीर की नेचुरल रिदम बिगड़ जाती है।


धरती में कोई भी जीव आप देख लें, सबके जीने का तरीका यही है। कोई भी जंगली जानवर पूरे दिन एक ही जगह नहीं बैठा रहता। वह चलता-फिरता रहता है, खाता है, खेलता है, फिर जब थक जाता है तो आराम कर लेता है। कोई शेर घंटों जिम नहीं करता, न ही कोई हिरण रोज़ 10 किलोमीटर की दौड़ लगाता है। उनका जीवन नेचुरल मूवमेंट और रेस्ट का संतुलन बनाकर चलता है।


स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता का मतलब सिर्फ बाहर से फिट दिखना नहीं, बल्कि अंदर से मजबूत और लचीला शरीर बनाना है। इसके लिए हमें चाहिए कि शरीर दिन भर मूवमेंट करता रहे। हर 45-60 मिनट में उठकर थोड़ा चलें, खड़े होकर काम करें, सीढ़ियां चढ़ें या ऐसा ही कुछ। साथ ही इंसान को चाहिए कि लंबे समय तक एक ही तरह का वर्कआउट/व्यायाम न करे। बदलते समय के साथ अभी आधुनिक समय में वॉकिंग, स्ट्रेंथ ट्रेनिंग, योगा, स्विमिंग और कोई एक आउटडोर स्पोर्ट, सबको बारी-बारी शामिल करे। और इन सब के बीच जो सबसे जरूरी बात वो यह कि शरीर की अपनी रिकवरी का भी ध्यान रखे। नींद, स्ट्रेस मैनेजमेंट, सही खान-पान उतना ही जरूरी है जितना कि मूवमेंट। इसके ठीक आगे मन अच्छा होना चाहिए। इसके लिए प्राकृतिक माहौल में रहना और साथ ही अच्छे लोग अच्छे मानवीय रिश्ते यह सब भी उतना ही जरूरी है, यह भी हमारे संपूर्ण स्वास्थ्य का बेहद जरूरी हिस्सा है। 


अंत में यही कि कोविड के बाद से हमारे अवचेतन मन ने महामारी से डरकर स्वास्थ्य को एक प्रोजेक्ट की भाँति बना लिया है। लेकिन स्वास्थ्य कोई प्रोजेक्ट नहीं, जीवनशैली है। इसे जबरन थोपने की बजाय धीरे-धीरे पूरे आनंद के साथ अपनाना चाहिए। बाहर से मजबूत दिखने की होड़ अच्छी है, लेकिन अंदर से कमजोर होना उतना ही खतरनाक है। सच्चे मायनों में फिटनेस तो वही है जो 60-70 साल की उम्र में भी आपको उन्मुक्त, दर्द-रहित और ऊर्जावान रखे। इसके लिए हमें ये रोजमर्रा के ट्रेंड से ऊपर उठकर प्रकृति के अपने साफ़ सरल नियमों को समझना होगा, लगातार हल्का मूवमेंट, अलग-अलग तरह की शारीरिक वर्जिश और इसके साथ पर्याप्त आराम। तब जाकर ही हम शरीर और मन दोनों को साध सकते हैं।