Wednesday, 26 July 2017

- मुनस्यारी में काँच की समस्या का समाधान -

                             मुनस्यारी में काँच की बढ़ती हुई मात्रा को देखते हुए इसे रिसायकलिंग के लिए यहाँ से बाहर ले जाना अब जरूरी हो गया है।। इससे पहले कि ये छोटा सा काम असंभव सा दिखने लगे, सबको मिल-जुलकर इस समस्या को दूर करना ही होगा। ये काम पेपरबाजी, आर्टिकलबाजी, फोटोबाजी, एनजीओगिरी या नेतागिरी से प्रेरित न होकर आपके हमारे यानि जनसाधारण के धरातलीय प्रयास से होगा।
                            वास्तविक धरातल पर अगर बात की जाए तो मुनस्यारी से काँच इकट्ठा कर हम हल्द्वानी तक किसी ट्रक में लाद कर भेज दें ऐसा सोचना बेवकूफी भरा उपाय होगा इसके अलावा और कुछ नहीं। इसीलिए इस पूरी प्रक्रिया को कई चरणों में तोड़ने की आवश्यकता है।
                            उदाहरण के लिए जैसे मुनस्यारी में सैकड़ों दुकाने हैं इतने घर हैं कमरे हैं कुछ आफिस हैं। माने कहने का अर्थ ये कि लोगों के बीच जाकर, उनसे बात कर, उनका विश्वास अर्जित कर कोई एक ऐसी खाली जगह सुनिश्चित की जाए जहाँ काँच की बोतलों को इकट्ठा किया जा सके। फिर ये बोतलें मुनस्यारी से रिसाइकल होने के लिए एक चरणबद्ध प्रक्रिया से आगे भेज दी जाएगी।

समाधान जिन चार चरणों में संपन्न होगा वो कुछ इस प्रकार है-

1)मुनस्यारी से थल-
इस बात से शायद ही कोई इंकार करेगा कि मुनस्यारी से थल का रास्ता सबसे अधिक दुर्गम है, और बरसात के समय में लैंडस्लाइड को ध्यान में रखते हुए काँच भेजना मुमकिन नहीं, ये वाकई जोखिम भरा काम होगा। ठीक ऐसा ही जोखिम बर्फबारी के कुछ महीनों में है। कुल मिलाकर अगर मोटा मोटा देखा जाए तो पाँच महीने हटाकर भी सात महीने हमारे पास हैं, इस बीच आसानी से मुनस्यारी से थल को गाड़ियां आ सकती है। मुनस्यारी से काँच भेजने की जिम्मेदारी सिर्फ थल तक ही होगी, वहाँ उनका काम समाप्त हुआ।

2)थल से बागेश्वर-
ठीक मुनस्यारी की तरह थल वालों की जिम्मेदारी भी बागेश्वर तक ही होगी। अब यहां थल वालों की जिम्मेदारी दुगुनी हो जाती है। वो ऐसे कि काँच मुनस्यारी से आया है उसे भी आगे भेजना है और थल में भी जमा हुए काँच को इकट्ठा कर आगे भेजना है। लेकिन अब थल वालों के लिए आगे का रास्ता मुनस्यारी की अपेक्षा थोड़ा सुगम ही होगा इसलिए कोई समस्या वाली बात नहीं है।

3) बागेश्वर से अल्मोड़ा-
ठीक वैसी ही प्रकिया यहां भी दुहरायी जाएगी।

4) अल्मोड़ा से हल्द्वानी-
ये आखरी पड़ाव है यहां से काँच रिसाइकल होने के लिए फैक्ट्री में जाएगा। अच्छा यहां इस एक बात को लेकर संशय है कि अब चूंकि अल्मोड़ा मैदानी इलाके से सबसे पास है तो यहां से हल्द्वानी काँच पहले भी रिसाइकल होने के लिए जाता रहा है या नहीं इस बारे में जिन्हें जानकारी हो वे स्पष्ट करें।


ये तो पूरा रोडमैप तैयार हो गया, अब कैसे इसे धरातल में उतारा जाए, और इसमें क्या क्या समस्याएँ आ सकती है, इस पर ध्यान देने से जो बातें सामने आ रही है वो कुछ इस तरह है -

a) पैसे का लेन-देन -
अब चूंकि इस काम में आमदनी कम और लोक-कल्याण की भावना ज्यादा है तो इसमें पैसे को लेकर ज्यादा समस्या नहीं होगी। फिर भी इस समस्या का एक त्वरित उपाय है। अब जैसे मुनस्यारी से गाड़ी थल तक आएगी। उसका जो भी हिसाब किताब है थल में ही पूरा होगा। मुनस्यारी से काँच भेजने वालों को हल्द्वानी तक कितना काँच पहुंचा इससे कोई मतलब नहीं। ठीक कुछ ऐसा आगे भी होगा।

b) काँच कौन इकट्ठा करे -
काँच इकट्ठा करने का काम आप करेंगे, मैं करूंगा, ये जनता करेगी। समस्या हमने तैयार की है तो नि:संदेह इसे ठीक भी हम ही करेंगे अब चूंकि ये कोई सौदेबाजी या फायदे वाला काम तो है नहीं कि कोई देवदूत या एनजीओ वाला टपक जाए। सो काम हमें करना है। और क्या ये भी कोई काम है, बोतलें एक किसी जगह में इकट्ठी करनी है। मेरा सुझाव है कि सबसे पहले इस काम की शुरूआत एक मुहिम की तरह स्कूली बच्चों के द्वारा हो। इससे शराब और उससे होने वाले दुष्प्रभाव को लेकर गजब का परिवर्तन होगा। जब कोई स्कूली बच्चा अपने ही घर से बोतलें जमा कर आगे भेजेगा तो उसके घर में शराब पीने वालों में शर्मिंदगी आएगी और फिर शराब और उससे होने वाले नुकसान को लेकर चेतना आएगी। कुल मिलाकर ये कदम एक तरह से शराबबंदी का भ्रूण तैयार करने में भी उपयोगी साबित हो सकता है।

c) किसकी गाड़ी में जाएगा काँच -
जहां तक मुझे याद आ रहा है बिल्डिंग मटेरियल वाली गाड़ियां रामनगर से मुनस्यारी तक आती है। हमने देखा कि बहुत सी ऐसी बड़ी गाड़ियां हैं जो मुनस्यारी से खाली निकलती है। खाली गाड़ियां नहीं भी मिली तो भी कौन सा रोज काँच भेजना है। कम से कम एक ट्रक कांच इकट्ठा होने में पंद्रह बीस दिन का समय लग ही जाएगा। लोक-कल्याण की भावना से काँच भी इकट्ठा होगा, लोग खुलकर सामने आएंगे, गाड़ियों की व्यवस्था भी होगी और काँच गाड़ी में लादकर मुनस्यारी से आगे जाएगा भी।

d) जागरूकता की समस्या -
शुरूआत में लोगों को इस मुहिम से जोड़ने में समस्या आ सकती है। फिर भी मुझे नहीं लगता कि पहाड़ में ऐसे छोटे से काम के लिए जागरूकता को लेकर कोई ज्यादा समस्या पैदा होगी। क्योंकि ये वही समाज है जो आज भी सवारी गाड़ियों के माध्यम से चंद खीरे और दूध की बोतलें सौ सौ किलोमीटर दूर अपने रिश्तेदारों के पास भेजते हैं, ये वही समाज है जहाँ आज भी विश्व में सबसे ज्यादा संयुक्त परिवार है, ये वही समाज है जो बिना किसी दिखावे के, बिना किसी सांगठनिक सहयोग के सैकड़ों सालों से पहाड़ों में पत्थर तोड़कर पगडंडियां बनाते आये हैं। ऐसी जिस समाज की बनावट है। ऐसे जीवन मूल्यों को जो समाज आत्मसात किए हुए है, उस समाज से इतनी अपेक्षा तो की जा सकती है कि वह संगठित होकर काँच की इन बोतलों को रिसाइकलिंग के लिए बाहर भेज दे।

Panchachuli Peaks, Munsyari, Uttarakhand

 

Monday, 24 July 2017

पाना भवन - बादनी गांव

                           प्रत्येक किसान अपने खेत का वैज्ञानिक होता है और वो खेत उसकी प्रयोगशाला। किसान की इस प्रयोगशाला से धरती को, पर्यावरण को, व्यक्ति विशेष को कोई खतरा नहीं, कोई नुकसान नहीं। अब चूंकि किसान अपनी जरूरत के अनुसार धरती का पोषण करता है शोषण नहीं ( अगर आज बाजार के दबाव को हटा कर देखा जाए तो), तो उसका यह काम वाकई धरती को बचाने का एक धरातलीय प्रयास है। किसान का यह विज्ञान कार्ल मार्क्स के कथन "गणित विज्ञान की सर्वोत्तम अभिव्यक्ति है" से भी कहीं आगे है।
मजेदार बात ये भी कि किसान का यह वैज्...ञानिक पहलू एकपक्षीय है क्योंकि उसके विज्ञान में सिर्फ वरदान का पक्ष है अभिशाप का पक्ष नगण्य है।

नोट:- इनके गांव तक जाने के लिए कोई रोड नहीं है, पैदल खड़े पहाड़ चढ़कर ही पहुंचा जा सकता है।


गौशाला


प्रसाधन और स्नानागार की भी सुविधा है


 आंगन


दादी पशुओं के लिए चारा लाद कर ले जाती हुई, यह चारा वो चार-पांच किलोमीटर दूर जंगल से लेकर आती हैं।


पाना जी के घर का एक खूबसूरत सा कमरा- 1


पाना जी के घर का एक खूबसूरत सा कमरा- 2


पाना जी की भतीजी


पाना जी के पिता मुनस्यारी तहसील के पहले व्यक्ति थे जिन्होंने एयरफोर्स ज्वाइन किया था। साथ ही इन्होंने पैराशूट से गोरीपार से मुनस्यारी पैराग्लाउडिंग की थी जो कि अपने आप में एक कीर्तिमान है।


चिलकोट(मुनस्यारी) की दुर्गम पहाड़ियों में दो पागल किसान। जो हमारे साथ में हैं वे बादनी गांव के हैं जिन्होंने आर्ड्रिनेंस फैक्ट्री की नौकरी छोड़ी, पहाड़ लौटे और किसानी का फैसला लिया।
पाना भवन

Friday, 14 July 2017

~ मुनस्यारी से एक माफीनामा ~

                        आज ये इसलिए लिख रहा हूं क्योंकि मुझे ऐसा लग रहा है कि इस जगह के बारे में लोगों को बताकर, यहां की खूबसूरती दिखाकर, भले ही मेरी बात कुछ थोड़े लोगों तक ही पहुंची हो लेकिन फिर भी मैंने यहां का बहुत बड़ा नुकसान कर दिया है।
                        असल में महीने भर पहले हम एक पहाड़ी गांव को गये थे। वहां एक दादी ने मेरे कैमरे को देखते ही नाराजगी जताई और बंद करने को कहा। मुझे उस नाराजगी का मर्म समझने में काफी समय लग गया। मानो वो दादी मुझसे मन ही मन कह रहीं हों कि आपने मशीनों से घिरकर अपनी जिंदगी नर्क बना ली है अब ये सब यहां मत आजमाइए।
                        सोचता हूं अभी तक मैंने मुनस्यारी से जुड़ी जितनी तस्वीरें, वीडियो या अन्य जानकारियां जो भी मैंने सोशल मीडिया के माध्यम से यहां बांट दी है। उन सबको हमेशा के लिए हटा दूं। लेकिन अब हटाने का क्या फायदा, अब तो आप देख ही चुके हैं।
                         फिर भी आपमें इंसानियत होगी तो कभी मत आइएगा इन जगहों पर। आइएगा तो भी एक सभ्य इंसान की तरह वरना नहीं। भूखे भेड़िए के भेष में आएंगे और नुकसान पहुंचा के चले भी जाएंगे बाकी लोगों की तरह तो भी कोई क्या कर सकता है। अब इस बात का डर रोज सताने लगा है कि टूरिज्म के चक्कर में मुनस्यारी का हाल शिमला, मनाली, नैनीताल, लद्दाख, श्रीनगर जैसा न हो जाए। वहशीपन लिए भीड़ की मानसिकता कब कहाँ अपनी जड़ें जमा ले। कुछ कह नहीं सकते।
                         टूरिज्म का आज जैसा माहौल बनाया जा रहा है उससे कैसे कोई जगह बर्बाद हो जाती है इसका सबसे बड़ा उदाहरण लद्दाख है। खासकर "थ्री इड्यिट्स" फिल्म के बाद लद्दाख जाने वालों का हुजूम बढ़ता ही गया ठीक ऐसा ही कुछ "ये जवानी है दीवानी" फिल्म के बाद मनाली के साथ हुआ लेकिन सबसे अधिक नुकसान लद्दाख को ही हुआ। वहां का रहन-सहन, खान-पान, वहां की पूरी संस्कृति आज खतरे में है। आज लगभग हर युवा के लिए जिंदगी का सपना सा है कि एक बार लेह-लद्दाख जाकर खुद को संतुष्ट कर ले।
आप सोच रहे होंगे कि भाई हम तो अपनी बाइक, अपनी कार लेकर बस घूमने गये थे। किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया।
                         पर आपको ये कभी नहीं दिखाई देगा कि जिन बंदरों को आप के अंदर का मूर्ख समाजसेवी रास्ते में कहीं रूककर बिस्किट और चिप्स खिला देता है वही बंदर बाद में इन चीजों के लिए लूट मचाते हैं। जो जंगली जानवर बढ़िया फल, कंद-मूल से चलते थे, आपने उनको भी नहीं बख्शा, उनकी आदतें बिगाड़ दी, वो भी चंद तस्वीरों के लिए। अब चूंकि आपकी हवस इतनी ज्यादा है कि आप ये सब कुछ नजरअंदाज कर जाते हैं।
लद्दाख में आफ रोड गाड़ियों को अपने एडवेंचर के लिए आप कहीं भी ले जाते हैं। आपको इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं है कि आप छिपकली सांप आदि सरीसृपों के अंडों को, जमीन में घोसलें बनानी वाली छोटे पक्षियों के अंडे और कुछ छोटे स्तनपायी जीवों को अपनी गाड़ी से कुचल रहे होते हैं।
                          आप अपनी एसयूवी कार लेकर लद्दाख के छिछले पानी में, नदी के किनारों में दौड़ाते हैं, यूट्यूब के वीडियो मटेरियल के लिए। लेकिन आप ये नहीं देख पाते कि आपकी इस एक हरकत से पर्यावरण का कितना नुकसान होता है। आपके गाड़ी के चक्के ऊपरी मिट्टी को भारी नुकसान पहुंचाते हैं, उस पानी में उगे जलीय पौधों एवं जलीय जीवों के भ्रूण(अंडे) को कुचल जाते हैं और आपको खबर ही नहीं। आपके गाड़ियों के बार-बार हार्न बजाने से रेसिंग करने तक, ऐसी न जाने कितनी हरकते हैं, इन सबसे पहाड़ों को इन कोमल चट्टानों को कितना दूरगामी नुकसान पहुंचता है, इसे आप कहाँ देख पाएंगे। आजकल जो हाई सस्पेंशन वाली कारें बनती हैं उनका तो विज्ञापन वाला वीडियो भी बिना नदी नालों को नुकसान किए नहीं बन पाता। जैसा देखा वैसा सीखा वाला तर्जुमा है।
                            असल में देखा जाए तो अधिकतर लोग पहाड़ घूमने नहीं आते। वे तो पहाड़ों को, इन नदियों को, इन खूबसूरत वादियों को अपनी रखैल समझते हैं,जी भर के अपने क्षणिक सुख के लिए अमुक जगह को निचोड़ते हैं अपनी हवस रूपी भूख से। शराब पिया और फेक दिया कहीं भी बोतल, पानी की बोतल भी, चिप्स वगैरह की पन्नी भी। और तो और जहां टूरिज्म नामक भूत पहुंचा वहां उस जगह की फूड हैबिट को ही लील लिया, न जाने ऐसे कितने तरीकों से नुकसान पहुंचता है।

 

"हमारी सुविधाएं जितनी बढ़ती जाती है उसी के साथ हमारी जिम्मेदारियां भी उतनी ही बढ़ जाती है।" हम प्रकृति की इस साम्यावस्था को कब समझेंगे?


                             अच्छा स्थानीय फूड हैबिट को नुकसान कुछ इस तरह पहुंचा कि जिन गांवों में सड़कें नहीं पहुंच पाई हैं वहां भी फास्ट फूड की छोटी-छोटी दुकाने खुल गई इसलिए नहीं खुली कि फास्ट फूड उनके शौक की चीज है और उसके बिना वे रह नहीं सकते बल्कि इसलिए कि बाहर से कोई टूरिस्ट अगर आएगा तो वह अवश्य फास्ट फूड खाएगा ही। आज के जमाने के हिसाब से तो यही सबसे बेहतर विकल्प प्रचलन में है। लेकिन टूरिस्ट एक सीजन में ही आएगा, बाकी समय कैसे किया जाए इस फास्ट फूड का। तो इस समस्या का समाधान भी मानसिकता कर देती है और वो ये कि गांव का व्यक्ति शहर के व्यक्ति को अपने से अधिक कुशल, सभ्य और बुध्दिमान समझता है इस चक्कर में वो अपने खान-पान रहन-सहन,तौर-तरीकों को छोटा समझता है। और शहरी खानपान उसे अमृत तुल्य लगने लगता है। और कुछ इस तरह वो भी फास्ट फूड को अपने जीवन का हिस्सा बना लेता है।
आज आप उत्तर भारत के किसी भी पर्वतीय इलाके में जाएं आपको भले वहां खाने को कुछ मिले न मिले लेकिन नूड्ल्स और मोमो की दुकानें अवश्य मिल जाएंगी।
                             आपने तो सालों तक दिन रात काम किया, नाइट शिफ्ट भी किया है। लाइफ में बहुत कुछ देखा है, काफी संघर्ष किया है, जीतोड़ मेहनत की है तब जाकर सफलता के मुकाम पर पहुंचे हैं। अब जब इतना कुछ किया है तो थोड़ा सुकून भी चाहिए, अपनी मानसिक थकान मिटाने आप पहाड़ आएंगे, ऐश करेंगे। जीवन में आपने इतना त्याग,इतना समर्पण कर दिया कि नंगापन मचाने का तो अब तो मानो आपके पास सर्टिफिकेट है, अब चूंकि आपके पास अनाब-शनाब पैसे हैं और इन पैसों से आपको नाना प्रकार की सुविधाएं भोगनी है तो आपके भूख की चिंता लोगों में इतनी ज्यादा है कि आपके हिसाब से खानपान तैयार होता है, बाहर से चीजें मंगाई जाने लगती है, स्थानीय फूड-हैबिट की ऐसी की तैसी। आलीशान होटल तैयार होते हैं, शराब और शबाब की जुगत लगाई जाती है वगैरह वगैरह।
आप आएंगे नुकसान रूपी बटन दबाकर अपनी आत्मलिप्सा भुनाएंगे और फिर चले जाएंगे। और जाकर कुछ अपने साथियों के साथ जानकारियां साझा करेंगे तब तक एक पूरा का पूरा शहर आपकी भूख के मुताबिक तैयार होने लगेगा।
                            कई लोग स्वयं की खोज में निकला हूं वाली नौटंकी लेकर चलते हैं और वो भी पर्यावरण की खूब ऐसी-तैसी करते हैं। और मन ही मन #peace #serenity की चोचलेबाजी करके घर वापस लौटते हैं। आज मानव मन इतना अधिक संवेदनशील कैसे हो गया है कि जिस हैशटैग से पर्यावरण को नुकसान पहुंचाता है बाद में उसी हैशटैग से पर्यावरण को बचाने का रोना रोता है।
खैर कितना लिखा जाए...

आखिरी बात ये कि ...
मुझे कभी नहीं लगा कि हमारे आसपास के वातावरण की ऐसी छोटी-छोटी चीजें जानने-समझने के लिए किसी पढ़ाई या विशेषज्ञता की जरूरत है। बस नेकनीयती हो तो काम बन पड़ता है। जब गांव का अनपढ़ किसान इन चीजों का ख्याल कर सकता है तो आप और हम क्यों नहीं। आप और हम तो वैसे भी पढ़े-लिखे हैं।
और अगर आप मेरे इस माफीनामे को स्वीकार करते हैं तो इन छोटी-छोटी चीजों पर जरूर ध्यान दीजिएगा। क्योंकि ज्वालामुखी एक दिन में तैयार नहीं होता वो तो हमेशा अंधेरे से घिरा होता है और जब फूटता है तो उसी अंधेरे को उजाले में तब्दील कर देता है और हम आश्चर्यचकित हो उठते हैं।

Sunday, 18 June 2017

~ My Family @ Munsyari ~

My big brother Binod Bisht


Bhabhi and Nephew Ayush

Younger brother Tarun singh dhami


Brother Manoj rana

Suresh bhai(Right end) and Rana brothers


Bhuppy rana and Jitin Sayala(middle)


Bachha Party

Massab and gungun


Dadi and Gungun


Nephew Pritesh


Golu


Didi


Baccha Party

Friend from Baadni Village




Judwa brothers


Khem Da


My Students - 1


My Students - 2


My Students - 3


Saturday, 17 June 2017

~ Sex, Marriage and Settlement ~

                                 कोई अगर पूछे कि भारत के युवा पीढ़ी के सामने आज सबसे बड़ी समस्या क्या है तो मैं इन तीन शब्दों का नाम लेते हुए कहूंगा कि यही सबसे बड़ी समस्या है और यही सबसे बड़ी बीमारी भी है। असल में ये बीमारी थी नहीं लेकिन इसे कुछ इस तरीके से हमारे सामने परोस दिया गया है कि हम इससे आगे का कुछ सोच ही नहीं पा रहे। हमारी सोच इतनी संकुचित हो चुकी है कि हमारे लिए ये चुनिंदा विषय आज जीवन का अंतिम लक्ष्य तक बन चुके हैं, हम न इसके आगे का कुछ सोचना चाहते हैं न ही कुछ करना चाहते हैं।
हम इन्हीं विषयों के इर्द-गिर्द चर्चा कर खुद को संतुष्ट करने में ही लगे रहते हैं।

                                 अभी कुछ समय से मैं अपने सालों पुराने दोस्तों से मिल रहा हूं। मिलने के बाद ऐसा लगा कि उनके जीवन का सबसे बड़ा लक्ष्य सेक्स, शादी और सैटल होना ही है। एचीवमेंट के नाम पर कोई अपनी होने वाली पत्नी की तस्वीरें, अपने घर, जमीन, गाड़ी वगैरह की बात करता है, तो कोई एचीवमेंट के नाम पर तरह-तरह की लड़कियों की तस्वीरें दिखाने लगता है, जिनसे उसने वर्तमान में संबंध बनाए। इस पूरे पागलपन को देखने के बाद ऐसा प्रतीत होता है कि नौकरी, शादी, सेक्स, घर, गाड़ी बस यही सब में उनकी जीवनशैली सिमट चुकी है। वे न चाहते हुए भी इस बने बनाये पैटर्न से अलग नहीं हो पा रहे, न ही कुछ नया कर पा रहे। उन्हें लगता होगा कि वे बड़ी अच्छी बातें कर रहे हैं, माॅडर्न हो गये, सभ्य हो गये, लाइफ को जीना सीख गये हैं वगैरह वगैरह। लेकिन वे तो जहां थे, वहीं के वहीं हैं, उनकी सोच में आज भी वही पुराना कचरा/मवाद भरा हुआ है। नया कुछ हुआ ही नहीं, नयेपन के नाम पर अगर कुछ हुआ है तो वो ये कि महंगा सा स्मार्टफोन आ गया है, महंगे ब्रांड वाले जूते,कपड़े और लाखों की बाइक, और तो और घर में महंगी कार भी आ चुकी है। यानि इतनी घटिया कंडिशनिंग हो चुकी है कि ये सब के चलते जो सबसे जरूरी चीज थी, मस्तिष्क का विकास, उसमें तो लगभग जंग लग चुका है, रचनाधर्मिता शून्य हो चुकी है।
फिर लगा कि क्या मेरे कुछ दोस्तों के साथ ही ऐसा है, नहीं। हर जगह यही हाल है, कुछ अपवादों को अलग कर दिया जाए तो मुख्यधारा में यही चल रहा है।
                                 आज के युवा के लिए सेक्स किसी लाइफटाइम एचीवमेंट से कम नहीं है, वो इसे जीने-मरने का सवाल बनाने लगा है, उसके लिए दुनिया बस जो है यही है। संबंध बनाओ, खुश रहो, आज ये कल वो, माइलस्टोन सेट करते जाओ। ये सब भारत जैसे लो-मोराॅलिटी वाले देश में ही संभव है।

                                 हवस, भूख और लालसा इतने चरम स्तर पर पहुंच चुकी है कि आज का युवा कैसे न कैसे करके अपने लिए अपार सुविधाएं हथिया लेना चाहता है, रोजगार की घोर कमी के बीच चंद सरकारी नौकरियों के लिए लगी मारामारी इस बात का संकेत है कि फलां को कैसे भी करके एक ठीक-ठाक सरकारी नौकरी चाहिए, हां नौकरी कैसी भी हो चलेगा। पसंद-नापसंद की बात बाद में, जीवन-मूल्यों की बात बाद में, मोटी कमाई और रुतबा होना चाहिए बस। एक बार लग गये नौकरी में, जीवन भर फुर्सत बैठे रहो। कोई किचकिच नहीं। और फिर इसके बाद क्या, सुंदर और सुशील बीवी भी तो चाहिए। सही मायनों में देखा जाए तो ये भी एक अलग ही प्रकार का बिजनेस बन चुका है। पूरे घर-परिवार समाज का ढांचा ऐसा बन पड़ा है कि पैरेंट्स भी बच्चों पर शादी के लिए दबाव बनाने लगते हैं, पढ़ी-लिखी लड़की, अच्छे घर की खोजबीन चालू, यानि एक ऐसा माहौल बन जाता है कि लगता है हम शादी करने के लिए ही इस धरती पर अवतरित हुए हैं, अब यही हमारे जीवन का सबसे बड़ा लक्ष्य है।
                               आज के पढ़े-लिखे माॅडर्न युवा को भी अपने लिए जीवनसाथी के रुप में एक ऐसी लड़की चाहिए जो खुद नौकरी में न हो और बढ़िया घर में रहे, हमने अच्छे-अच्छे अधिकारियों को ऐसा करते देखा है। वे असल में अपने लिए एक वस्तु खरीद रहे होते हैं डील कर रहे होते हैं, उन्हें असल में शादी के लिए लड़की नहीं चाहिए, एक सुंदर सी भोग्या वस्तु चाहिए। रिश्ता, प्रेम, भावनाएँ हां ये सब तो शादी के बाद आ ही जाएगा, नौकरी का ठाठ है, सब हो जाएगा। लड़कियां भी कम नहीं हैं, उन्हें इस नव-दासत्व में इतना मजा आता है, वे शादी के अगले दिन से ही अपने नाम और सरनेम के बीच अपने पति का नाम जोड़ लेती हैं।

 अब लड़के भी महान, वे इतने महान होते हैं कि जब उनकी वस्तु रूपी पत्नी जब पेट से होती है तो वे दूसरी औरतों से बात करके अपना मन बहलाने लगते हैं। कम नहीं तो ज्यादा अधिकतर यही होता है, कोई पराई लड़कियों/महिलाओं से बातचीत/चैट करके मन बहलाता है तो कोई संबंध बना लेता है।
और लड़कियां भी अपने में मस्त, वो शाॅपिंग करके, सोना-चांदी खरीद के अपने ईगो का बराबर तुष्टीकरण करती है।

                           अब इन सबसे उलट एक तबका खोखले ब्रम्हचारियों का भी है, अब इनमें एक वो जो अपने कालेज लाइफ में मिली प्रेम की विफलता से क्रुद्ध होकर बीस की उम्र में जीवन भर अकेले रहने का फैसला ले लेते हैं, विपश्यना करने लगते हैं और फिर कुछ दिन बाद पता चलता है कि अगला किसी के साथ फिर से रिश्ते में है। एक तबका तीस के उम्र पार वालों का है, इनकी तो दुनिया ही अलग है, ये सालों तक दुनिया के सामने ब्रम्हचारी बने फिरते हैं, बुद्धम् शरणं गच्छामि का ढोंग करते हैं, हालांकि परदे के पीछे ये भी खूब अफेयर मारते हैं। जब आखिर में इन्हें पता चलता है कि अब इनसे नहीं हो पाएगा, कंट्रोल नहीं हो पा रहा,और अकेले नहीं रह पाएंगे। तो फिर वे सारा ढोंग त्याग कर मजबूरी में शादी कर लेते हैं। सनद रहे कि ऐसी शादियों का पसंद, नापसंद और आपसी प्रेम से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं होता, ये एक प्रकार का बिजनेस डील ही होता है।

स्वीकार करना नहीं करना आपके ऊपर, पर हकीकत तो यही है कि हम जिस पांच हजार साल पुरातन संस्कृति का गौरवगान करते रहते हैं, आज उसका दिवाला निकल चुका है, आज उस संस्कृति का वर्तमान धूमिल हो चुका है, और वो महान संस्कृति अपनी तमाम विसंगतियों को किनारे कर खुद को महान साबित करने की आंधी में बहने लगी है।

 यानि हम खुद से इतना झूठ कैसे बोल सकते हैं?
हम स्वयं के साथ इतना बड़ा अन्याय कैसे कर सकते हैं?
हम क्यों ऐसी दोहरी जिंदगी जीते हैं??
आखिर क्यों????

Friday, 16 June 2017

~ मुनस्यारी में काँच की समस्या ~

                              मुनस्यारी में ये एक ऐसी समस्या आ खड़ी है जो दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है, और आश्चर्य की बात ये है कि इस ओर किसी का ध्यान भी नहीं जा रहा है। मुनस्यारी में रोज औसतन 20 से 25 हजार रूपए की शराब बिकती है। लोग शराब पीते हैं और बोतलें कहीं एक जगह किसी कमरे में या होटलों में इकट्ठा होती जाती है। कुछ लोग बोतलें कहीं भी फेंक आते हैं, अब जो फेंकी हुई बोतलें हैं वो या तो पहाड़ों में जहां-तहां गिरी मिल जाती है या फिर गदेड़ी(कचरे फेंकने की जगह) में या फिर नालियों में एकत्र हो जाती है। बारिश होती है और सारा कुछ कूड़ा-करकट बह कर नदियों तक चला जाता है। लेकिन इस बहाव से काँच की समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हो जाती, काँच का प्रतिशत तो जस का तस बना ही हुआ है, या यूं कहें कि बढ़ता ही जा रहा है, लेकिन कोई भी इस समस्या को एक समस्या के तौर पर देख नहीं पा रहा है।
                               काँच की ये बोतलें समस्या इसलिए बन गई है क्योंकि बोतलें मुनस्यारी आ तो रही हैं लेकिन यहां से वापस नहीं जा पा रही, रिसाइकल होने का कोई उपाय नहीं दिख रहा। और आखिर कोई इतना बड़ा जोखिम उठाए तो उठाए कैसे। कोई अगर काँच की बोतलें इकट्ठी कर रिसायकलिंग के लिए मुनस्यारी से बाहर यानि 300 किलोमीटर दूर हल्द्वानी भेजने की तोहमत उठाता भी है तो उसे इस काम का मूलधन भी नहीं मिल पाएगा, उल्टे अपनी तरफ से पैसे लगाने पड़ेंगे। 11 से 12 घंटे का लंबा सफर तय कर खतरनाक पहाड़ी रास्तों से होते हुए काँच की बोतलों से लदी गाड़ी जब मुनस्यारी से हल्द्वानी पहुंचेगी तो आप इस बात का अंदाजा लगाइए कि रास्ते में कितनी बोतलें टूटेगी।

समाधान कैसे हो-
अब कोई साधन-सम्पन्न पुरूषार्थी व्यक्ति या कोई नि:स्वार्थ एनजीओ टाइप का कोई व्यक्ति ही चाहिए जो इस समस्या को गंभीरता से ले। कोई कर्मठ संवेदनशील व्यक्ति ही अब इस समस्या से मुनस्यारी को मुक्ति दिला सकता है। अगर ऐसा कुछ नहीं भी हुआ तो भी आने वाले सालों में आज नहीं तो कल ऐसी नौबत आ ही जाएगी कि मुनस्यारी के नागरिकों को खुद आगे आकर नेतृत्वक्षमता स्थापित करनी पड़ेगी और इस काम को अमलीजामा पहनाना पड़ेगा।


Panchachuli Peak- 1, Munsyari

Thursday, 15 June 2017

~ Himalaya Mysteries ~

हिमालय के ऊपरी इलाकों में कुछ क्षेत्र ऐसे हैं जो एक खास किस्म की ऊर्जा से संचालित हैं। जब लोग दस-बीस किलोमीटर की चढ़ाई करके जब ऐसी जगहों पर पहुंचते हैं। तो अचानक ही वे महसूस करते हैं कि उनकी सफर की सारी थकान मिट गई। लोग इस भ्रम में रहते हैं कि उस जगह विशेष की खूबसूरती के कारण ऐसा हो रहा है।
लेकिन वजह तो कुछ और ही है।
असल में जब कोई एक लंबी चढ़ाई कर ऐसे ऊपरी क्षेत्रों में जाता है, तो उसकी भूख,प्यास थकान सब झटके में मिट जाती है। और जैसे ही वो उस जगह से नीचे उतरता है यानि उस जगह से दूर होता है,तो फिर से थकान पैर दर्द और बाकी चीजें दिमाग पर हावी होने लगती है। क्या सिर्फ उस जगह की सुंदरता ही एकमात्र वजह है, नहीं ऐसा नहीं है। असल में कारण छुपा है, उस जगह में हजारों सालों से स्थापित पत्थरों में। कहा जाता है कि पत्थरों की स्मरण क्षमता सबसे अधिक होती है, ऐसा इसलिए कि जो वस्तु अपनी प्रकृति में जितनी ठोस होती है, उसकी स्मरण-शक्ति उतनी तीव्र होती है। इसलिए हिमालय के पर्वतीय क्षेत्रों में पत्थर की बनी छोटी-छोटी मूर्तियों की पूजा की जाती है, क्योंकि पत्थरों में असीमित ऊर्जा ग्रहण करने की क्षमता होती है।
न जाने हिमालय के ऊपरी क्षेत्रों में स्थापित पत्थरों में कितनी स्मरण-शक्ति है, क्योंकि इनके पास जाने पर ऐसा प्रतीत होता है कि ये सालों से असीमित मात्रा में ऊर्जा स्पंदित कर रहे हैं। इसलिए तो इतनी चढ़ाई चढ़ने के बाद भी हम इन जगहों में पहुंचने के बाद एक खास किस्म की सकारात्मक ऊर्जा से संचालित होने लगते हैं। सारी थकान किनारे हो जाती है, और हमारे पांव अपने आप चलने दौड़ने लगते हैं, और हमें चाहकर भी वहां रुकने, थमने या आराम करने का मन नहीं करता, हम प्रकृति की गोद में खेलने लगते हैं।


 

~ Swimming Demonstration in the foothills of himalayas ~

पहाड़ों में तालाब नहीं होते, इस एक वजह से अधिकांश लोग स्वीमिंग चीज क्या है, नहीं जानते। जब इन बच्चों को पता चला कि मुझे स्वीमिंग आती है तो वे सिखाने की जिद करने लगे। 10'C में, वो भी इतने ठंडे पानी में नहाना, मैंने तो पानी छूते ही साफ मना कर दिया। बच्चे इस तरह जिद पर उतर आए कि सब एक-एक करके नहाने के लिए उतर गये मानो किसी भी हाल में सीखना ही है। और फिर ऐसे ही पानी में हाथ पांव मारने लगे। स्वीमिंग सीखने के लिए सारे बच्चे पागल हुए जा रहे थे। मैं वहां पास में एक पत्थर में बैठा हुआ था तो वे मुझसे कहने लगे कि भैया वहीं से बता दो, हम फिर ठीक वैसा-वैसा करते हैं। और फिर उनमें से एक बच्चे ने कहा - भैया सीखा दो न यार, आप फिर कल को चले जाओगे तो हमेशा के लिए याद रखेंगे कि आपसे सीखे हैं। और फिर उस बच्चे की बात सुनकर, उन सबके के जुनून को देखकर मैं भी उतर गया कुंड में।
पानी इतना ठंडा था कि शरीर सुन्न हो जाता, साथ ही लाल पड़ जाता, इसलिए हर पांच- दस मिनट में शरीर को गर्म करने के लिए हम सबको पानी से बाहर आना पड़ता। कुछ इस तरह हम घंटों तक इस ठंडे पानी में नहा दिए।
आप पानी को देखिए, बहता हुआ पानी है और ये पानी इतना साफ है कि आसानी से पिया जा सकता है, शहरों में फिल्टर किए पानी से कहीं ज्यादा शुध्द और मीठा।

Location - Bharadi River (tributary of goriganga), Bharadi Mandir, Munsyari



 

कुछ सवाल--

भारत का एक ऐसा गांव कोई बतलाइए..
~ जहां के गांव वालों ने नदियां सूखा दी हों,
~ जहां गांव वालों ने तालाब पाट कर अपने लिए घर बना दिए हों,
~ जहां गांव के लोगों ने कुएं समाप्त कर दिए हों,
~ जहां गांव वालों ने अपनी जरूरतों के लिए जंगल के पेड़ों का सफाया कर दिया हो,
~ जहां गांव वालों ने अपनी मूलभूत आवश्यकताओं के लिए प्रकृति को किसी भी प्रकार से नुकसान पहुंचाया हो,
~ ऐसे गांवों का भी नाम बताया जाए जहां कचरे-कूड़े का टीला बन गया हो और सफाई न होती हो,
~ ऐसे गांवों का भी नाम बताया जाए जहां बजबजाती नालियां बहती हों और उसकी सफाई के नाम पर कुछ भी न होता हो,

अब दूसरा पहलू, शहरों की बात करते हैं...
भारत का एक ऐसा शहर/महानगर/मेट्रो सिटी
बताया जाए जहां---
~ उफनती गंदी नालियां न हों,
~ जहां कचरे के बड़े-बड़े ढेर न हो,
~ जहां के लोगों ने जुगाड़ लगाकर अपने स्वार्थ हेतु तालाबों/पोखरों को समतल न किया हो,
~ जहां हजारों की संख्या में पेड़ न कटे हों,
~ जहां के लोगों ने नदियों/झीलों/कुओं/अन्य जल स्त्रोतों की ऐसी तैसी न की हो,
~ जहां साफ पानी और साफ हवा ( जीने के लिए सबसे मूलभूत जरूरत) मिलती हो,

तुलना-

1) आदर्श ग्राम तो भारत में सैकड़ों की संख्या में है, एक ऐसा आदर्श शहर का नाम गिनाइए, आदर्श शहर छोड़िए कोई छोटा शहर कस्बा टाइप का ही बता दीजिये,

2) क्यों गांव के लोगों को Go green का T-shirt नहीं पहनना पड़ता? ये चूतियापा शहर के लोगों द्वारा ही क्यों? जबकि उनकी जीवनशैली का हर दूसरा काम प्रकृति को नुकसान पहुंचाने वाला है।

3) गांव के लोग क्यों कभी स्वच्छता के लिए जागरूकता कैंपेन टाइप का ढोंग करते नहीं दिखते?
शहर के लोग ही क्यों,
क्या ऐसा तो नहीं कि शहर के पढ़े-लिखे लोग सच में ज्यादा सभ्य हैं या ज्यादा साफ-सफाई से रहते हैं?

4) गांव में किसी का एक बड़ा सा घर है, मेहनती किसान है, उसकी तुलना में शहर में 1-बीएचके फ्लेट में रहने वाला कैसे ज्यादा सभ्य मान लिया जाता है?
लोग रहने लगे और बिचौलियों ने जमीन का रेट ऊंचा कर दिया, क्या सभ्य होने की वजह ये माने या कुछ और?

5) जागरूकता और कैंपेनिंग से, बड़े पांच सितारा होटलों में सेमिनार करने से, पर्यावरण संरक्षण वाले कपड़े पहनकर ग्रुप फोटोग्राफी से, न्यूज में आने से, सोशल मीडिया के दिखावे से, स्मार्ट सिटी नामक इन सब चोचलेबाजी से क्या ऐसा शहर बन पाएगा, जहां प्रकृति को नुकसान पहुंचाने वाली मानसिकता का सर्वनाश हो जाए?

6) गांव-गंवई के लोग अनपढ़ गंवार होने के बाद भी नदियों, जंगलों को बचाने के लिए कभी पेड़ों से चिपक जाते हैं तो कभी पानी के अंदर हफ्ते-भर रह लेते हैं, शरीर तक गल जाता है..
शहरी लोगों ने कब ऐसा प्रयास किया, इसका 1% भी अगर कुछ किया हो तो तथ्य सामने लाए जाएं।

7) आखिर ऐसा क्या कारण है कि गांवों में ये तहस-नहस और नुकसान पहुंचाने वाली मानसिकता नहीं हैं?
पर्यावरण के क्षेत्र में पीएचडी होल्डर विद्वान कब ऐसे वास्तविक तथ्यों से टकरायेंगे? या फिर जीवन भर डींगे हांकते रहेंगे।

8) आखिरी बात ये कि एक Statistics इस पर भी बने कि आखिर पर्यावरण प्रदूषण में सबसे ज्यादा योगदान किसका है, गांव के उन 70% लोगों का या 30% शहरी निवासियों का?

Somewhere in a remote village of uttarakhand



 

~ A little story behind road cutting issue in Silthing Village, Uttarakhand ~

जब सिल्थिंग गांव के पास से रोड कटिंग होने वाली थी, तो गांव के कुछ लोग अड़ गये और कहा, नहीं चाहिए गांव के पास से रोड, हम पैसों के एवज में अपने खेतों का बलिदान नहीं दे सकते। हमारे खेत बीच में आ रहे हैं, आप एक किलोमीटर दूर से ही रोड कटिंग कर लीजिए। हमें नहीं चाहिए गांव के पास से रोड, एक किलोमीटर दूर ही सही, चलेगा। वैसे भी इतने सालों से बिना रोड के थे। अब तो वैसे भी रोड नजर के सामने है, घर से दिख तो रहा है, बहुत बड़ी बात है।
और फिर एक किलोमीटर दूर से रोड कटिंग हुई।
सिल्थिंग के गांव वालों के इस फैसले पर आसपास के गांवों के लोगों ने, खासकर पढ़े-लिखे तबके ने खूब मखौल उड़ाया कि बढ़िया घर तक रोड आ रही थी, ठीक-ठाक पैसे मिल रहे थे, ये गधे के गधे ही रहेंगे,इनका कुछ नहीं हो सकता।
मजाक बनाने वाले उन लोगों को शायद इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं है कि एक किसान (सीमित जमीन वाले छोटे किसान) के लिए उसका खेत कितना मायने रखता है। खेत उसके लिए जमीन का टुकड़ा भर नहीं होता, वो तो उसकी जिंदगी का हिस्सा होता है। खेत उसके आय का स्त्रोत तो होता ही है, जीने की वजह भी होता है। सोचिए कैसा हो अगर कोई आपके जीने की वजह छीन ले और कहे कि लो पैसे और दफा हो जाओ।




step farms, silthing village


Cutted road, Silthing Village


step farms, silthing village

Friday, 19 May 2017

कच्चि - पहाड़ी शराब

                       कच्चि उत्तराखंड में बनने वाली स्थानीय शराब है। कच्चि चावल को सढ़ाकर(किण्वन) बनाया जाता है। जितना लंबे समय तक ढंक के रखा गया उतना असरदार। कच्चि की महक बहुत तेज होती है।
कच्चि दो तरह से बनाई जाती है एक खट्टी और एक मीठी। कच्चि पीने वाले इसका फायदा यह गिनाते हैं कि इससे Metabolism बहुत सही हो जाता है। खट्टी वाली कच्चि ज्यादा असरदार होती है यानि पहली बार पीने वाला तो बस एक ही ग्लास में सरेंडर।
                       वैसे कच्चि हो या अंग्रेजी शराब, दोनों बराबर पहाड़ में परिवार उजड़...ने का, सामाजिक टूटन का कारण बन रहे हैं। घर का पुरुष सदस्य शराब पीकर मस्त है, शराब और फिर जुआ, इस आपाधापी में जमा पूंजी, जमीन, खेती-किसानी सब चौपट और महिला तीन पहर बराबर मेहनत कर रही है, घास काट रही है, पशुधन संभाल रही है, पत्थर तोड़ रही है, चूल्हा चौका भी वही देख रही है।
साल भर पहले पहाड़ की महिलाओं ने कच्चि को बंद कराने के लिए गांव-गांव, घर-घर जाकर एक बड़ा Mass Movement किया।
                       जब ये मूवमेंट चला उससे पहले कच्चि बीस रुपए लीटर मिलती थी। मूवमेंट सफल रहा और चार-पाँच महीने तक कच्चि मिलनी ही बन्द हो गयी। जो लोग अपने घरों में कच्चि बनाते थे, उन्होंने इस मूवमेंट के असर को देखते कच्चि बनाना बंद कर दिया। शराब के शौकीन लोगों ने स्थिति को देखते हुए दूर शहरी इलाकों से महंगी अंग्रेजी शराब मंगवाकर पीना शुरू किया।
समय बीता और फिर धीरे-धीरे कुछ गांवों में जहां की स्थानीय प्रशासन थोड़ी लचर जान पड़ी वहां मिलीभगत कर लोगों ने चोरी-छिपे कच्चि बनाना शुरू कर दिया। जिन गांवों में आज कच्चि बनाना पूरी तरह बंद है, वो पड़ोस के गांव से लाकर पी रहे हैं।
                        शराब के कारण अच्छे-अच्छे घर बर्बाद हो रहे हैं, प्रतिशत आज भी वही है। कच्चि को लेकर जो मूवमेंट हुआ उससे ये हुआ कि कीमत बढ़ गई और आज कच्चि पचास रुपए लीटर बिकती है।




Kacchi (Green colour) garnished with flowers during a festival.

 

~ आंटीजी को पत्र ~

आंटी जी,
आपके बेटे ने दसवीं की परीक्षा दी है। वो पिछली बार फेल हो गया था। और फिर क्या हुआ आप भी जानती हैं, ट्रक में बैठ के महीने भर के लिए घर से भाग गया। वापस आया तो फिर वही ताने और मार से उसका स्वागत किया गया। आप भी क्या करेंगी, आप खुद ज्यादा पढ़ी-लिखी नहीं है, न तो जमीनी समझ है न ही अपने बच्चे की काउंसलिंग करने की कोई जानकारी है। वो क्या सोचता है, क्या करना चाहता है, ये आपको नहीं पता, और इत्तफाक से मुझे भी नहीं पता। बेशर्मों की तरह आप लोगों से सुनता है, मार खाता है, कुल मिला के निर्लज्ज हो चुका है।
और हां शराब, सिगरेट बराबर पी रहा है।
आपको भी पता ही होगा कि वो ये सब कर रहा है, लेकिन आपने प्रत्यक्ष रूप से उसे पकड़ा नहीं तो आप भी पढ़ाई के नाम से उसे डांट लगा कर काम चला रही हैं।

मैंने उसे महीने भर मुफ्त में पढ़ाया और आपने मुझे कभी-कभार अपने घर में खाने का न्यौता दिया, बस काफी है इतना। इस बीच मैंने उसे रगड़ा, खरोंचा, उसके अंदर झांका, कि कुछ तो काम का बाहर निकले पर अभी फिलहाल सब धुंधला है। लेकिन ये बात स्पष्ट है कि आपके बेटे की पढ़ाई में थोड़ी भी रूचि नहीं है, इस बात को आप गांठ बांध लीजिए।
वो कभी-कभी धंधा-बिजनेस करने की बात छेड़ते रहता है, वो भी मजाक में। लेकिन मुझे वहां आशा की किरण दिखाई देती है। लोग बच्चों को शिक्षा देने की बात करते हैं, लेकिन मैं आज आपसे कहना चाहता हूं कि आप उसकी पढ़ाई छुड़वा दीजिए। फालतू पैसे व्यर्थ मत करिए, उसका पढ़ने का मन थोड़ा भी नहीं है।

सुनिए,
आज आपके शहर में हूं, कल कहीं और रहूंगा, मेरा कोई निजी स्वार्थ तो है नहीं, इसलिए मुझे आपके बेटे से उसकी पढ़ाई से कोई मतलब नहीं है, लेकिन आपको जमीनी हकीकत बताना मेरा दायित्व है। आपका बेटा एकदम खोखला है, खासकर पढ़ाई के मामले में एकदम डब्बा। उसे जोड़ घटाना तक ढंग से नहीं आता।
मेरी राय में आप उसे अभी से बिजनेस लाइन में डाल दीजिए, पूरा एक रूपांतरण हो जाएगा, खाली बैठे शराब सिगरेट कर रहा है, कुछ तो कर्त्तव्यबोध आएगा। कमाने का एक दायित्व हमेशा रहेगा तो शायद कल को नशा पानी भी एक सीमा में रहे।
हां खींचतान करके 12th तक ले जाना चाहती हैं तो ठीक है, एक टैग रहेगा कि चलो बारहवीं के बाद ही पढ़ाई छोड़कर काम धाम में लग गया।

और रही बात कि उसके इस बार के दसवीं के पेपर की, इसमें कोई शक नहीं कि इस बार फिर से वो फेल हो जाए, गिरते-पड़ते पास हो भी जाए तो भी कोई मतलब नहीं है।
मैं इस बात की गारंटी दे नहीं सकता कि महीने भर मेरे से पढ़के वो दसवीं में पास हो जाएगा, वैसे भी मैं कोई सब्जेक्ट स्पेश्लिस्ट तो हूं नहीं लेकिन मैं इस बात की गारंटी लेता हूं कि अगर वो फेल हो गया तो भी इस बार वो घर से भागने वाला काम नहीं करेगा।

पढ़ाई से इतर मैंने उसमें जीने की, आगे बढ़ने की लालसा भर दी है, मेरा योगदान सिर्फ इतना सा है।

Friday, 12 May 2017

~ बीस मिनट का अंधेरा ~

                         बिठौली परंपरा( दैनिक जीवन की सामग्री लेकर अपनी ब्याही दीदी के घर प्रस्थान) निभाते हुए हम मुनस्यारी ब्लाक के सिल्थिंग गांव में अपने दोस्त के एक रिश्तेदार के यहां ठहरे हुए थे। सिल्थिंग में आज भी कोई नेटवर्क नहीं है। बीसएनएल का नेटवर्क आता है वो भी ना के बराबर।अभी दो महीने पहले ही सिल्थिंग गांव के पास से रोड कटिंग हुई है। इससे पहले गांव वाले पहाड़ी पगडंडियों पर ही निर्भर थे।
                         उस दिन शाम ढलने से पहले बड़ी तेज बारिश होने लगी, थोड़ी देर बाद ओले भी गिरने लगे।मेरे दोस्त पड़ोस में कहीं कच्चि( स्थानीय शराब) पीने के लिए चले गये। मैं अकेले एक कमरे में कुर्सी लगाकर बैठा हुआ था। उस छोटे से कमरे में एक झूमर भी लगा हुआ था, किनारे में एक खाट लगी हुई थी, कंबल और रजाई पड़ी हुई थी और उन रजाईयों के ऊपर बिल्लियों का एक झुंड जो वहां मजे से लेटे हुए थे, कमरे की गंध से ऐसा लगा कि इस कमरे में इन बिल्लियों का ही आधिपत्य होता होगा, एक छोटी सी ट्यूब वाली रंगीन टीवी थी, दीवारों में फिल्मी सितारों के कुछ पोस्टर और उस घर के लोगों की कुछ फ्रेम की हुई तस्वीरें लगी हुई थी। पहाड़ी गांवों के छोटी ऊंचाई में बने घर, अधिकांशत पत्थरों से बने हुए और मिट्टी और गोबर की लिपाई से युक्त, असल में ऐसा इसलिए करते हैं क्योंकि जाड़ों में कम ऊंचाई के पत्थर के घरों में ठंड कम लगती है। पत्थर के ही घर इसलिए क्योंकि इन्हीं की वजह से बर्फबारी और ओलावृष्टि से रक्षा होती है। उस कमरे में टीवी चल रहा था। ठीक इसी बीच हम जिस घर में रूके हुए थे, उनके यहां की दादी आयी और मेरे सामने लगी कुर्सी में बैठ गयी। टीवी चल ही रहा था, तेज बारिश,बिजली की गर्जना और बस कुछ मिनट बाद लाइट चली गई। दादी ने सोलर लाइट जलाई और फिर उन्होंने मुझसे बात करनी शुरू की।
                         सोलर की धीमी मद्धिम रोशनी के बीच मेरी अग्निपरीक्षा शुरू हो चुकी थी। अग्निपरीक्षा इसलिए क्योंकि दादी को हिन्दी बोलना नहीं आता था और मुझे कुमाऊँनी(पहाड़ी)। वो थोड़ा बहुत हिन्दी समझती थी और मैं तो अभी-अभी कुमाऊँनी समझने की राह में था। एक बार को लगा कि यार ये तो गजब फंस गये हम और अब बात करें भी तो कैसे, उस जगह से अचानक उठ के कहीं जा भी नहीं सकते, इसलिए वहां टिके रहे।
                          दादी कुमाऊँनी में सवाल करती और मैं बड़े ध्यान से सुनता, उस भाव को पकड़ने की कोशिश करता, सोच-समझ के जितनी जल्दी हो सके हिन्दी में जवाब देता। दादी फिर मुझसे कुमाऊँनी में सवाल करती और मैं फिर हिन्दी में जवाब देता, और फिर मेरे हर जवाब के बाद में वो "हां भुला(बेटा)" कहती जाती।
दादी ने इस बीच में मेरा नाम,काम,पता पूछा, घरवालों के बारे में पूछा। दादी ने ये भी कहा कि बहुत खुशी हुई कि तुम इतने दूर प्रदेश से हमारे इस गांव में आए। और फिर अपने बेटे और बिटिया के बारे में भी बताया, मां कैसे अपने बच्चों के बारे में जिक्र करते हुए खुश हो लेती है वो मैं दादी की बातों से महसूस कर पा रहा था। दादी बता रही थी कि उनकी आंखें अब ढंग से दिखाई नहीं देती, धुंधलापन आने लगा है, उन्होंने बताया कि दो बार पिथौरागढ़ और हल्द्वानी जाकर उन्होंने जांच भी कराई फिर भी कुछ ठीक नहीं हुआ। आंख की समस्या जस की तस बनी हुई है।
                          दादी कहती है - अब तो बुढ़ाने लगी हूं भुला, अब ज्यादा चलने और गाड़ी में सफर करने की हिम्मत भी नहीं बची, इलाज के लिए अब कितना भटकूंगी, मुस्कुराते हुए कहने लगी कि अब इन आंखों को ऐसी ही चलाऊंगी जब तक चलता है ठीक है।
                          मैं उस बीस मिनट के समय में उस हल्की रोशनी में सिर्फ दादी के साथ था, हमारे बातचीत के बीच किसी प्रकार का कोई व्यवधान नहीं था, दादी के बोले हुए एक-एक शब्द पर मेरी एकाग्रता बनी हुई थी। मैं उस बीस मिनट के अंधेरे में दादी से बात करते ठीक-ठीक कुमाऊँनी समझने लग गया था। एक बार को लगा कि अगर ऐसी स्थिति बार-बार आए तो किसी नयी भाषा को सीखने में कितनी आसानी होगी। और फिर लाइट आ गई, बीस मिनट कट चुके थे। और खाना खाने के लिए बुलावा आ चुका था।

~ Stories from Himnagri ~
 
 
 
-- 'फोटो में सिल्थिंग गांव का वो कमरा' --


Colors of Silthing


Step Farming in Silthing