Saturday, 21 October 2023

Honey Singh Comeback

90's के युवाओं का चहेता, सीडी के जमाने में वायरल होने वाला एक ऐसा सिंगर जिसे लोगों ने हमेशा दिल से स्वीकारा, उसका जादू आज भी उतना ही बरकरार है। ऐसा तभी संभव हो पाता है, जब आप वास्तव में कला को जीते हैं, संगीत आपके खून में बहता है। 9 साल के बाद संगीत के क्षेत्र में अपनी वापसी कर हनी सिंह ने हम सभी को जीवन की एक बड़ी सीख दे दी है और वो यह है कि परिस्थिति कितनी भी खराब क्यों न हो, अगर आप अपने प्रति ईमानदार हैं, खुद पर भरोसा रखते हैं, ऐसे में हर खराब परिस्थिति से लड़कर बाहर आ सकते हैं, कभी भी खुद को मजबूती से खड़ा कर सकते हैं। समय कैसा भी हो, लाख अड़चने बीच में क्यों न आए, आप अपनी प्रासंगिकता बनाए रख सकते हैं। 

एक समय था जब उनका गजब का क्रेज हुआ करता था, कोई उनके पासंग नहीं था। लेकिन पिछले 9 साल से वे गुमनामी का जीवन जीते रहे। इस अवधि में उन्हें ड्रग्स, शराब आदि की लत ने बुरी तरह से घेर लिया। सबने एक तरह से यही मान लिया था कि हनी सिंह नाम का उभरता सितारा अब डूब गया। लेकिन इन सब से लड़ते हुए आज 40 की उम्र में फिर से उनका संगीत की दुनिया में वापसी करना एक जादुई अहसास से भर देता है। संगीत की दुनिया में विरले ही ऐसी घटनाएं होती हैं। असल में हनी सिंह ने सबसे बड़ी लड़ाई खुद से लड़ी है और आज उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि यही है कि उन्होंने जिंदगी से दो-दो हाथ किया और जब लगा कि अब वे फिर से उड़ान भरने को तैयार हैं तो पूरी विनम्रता के साथ जिंदगी को धन्यवाद देते हुए खुद को खड़ा किया। उनके हाव-भाव में भड़कीले कपड़े धारण करने के बावजूद एक किसी सूफी संत जैसी सौम्यता दिखती है, हनी सिंह पहले भी तुलनात्मक से कभी वैसे लाउड नहीं रहे, लेकिन अभी उनके व्यक्तित्व में क्या गजब का ठहराव है। 

जीवन के उतार-चढ़ाव के बीच अगर वापसी हो तो हनी सिंह जैसी होनी चाहिए। विपरित परिस्थितियों में भी खुद पर विजय पाने वाला एक ऐसा व्यक्ति जिसे हर कोई खुले मन से बांहे फैलाकर स्वीकार रहा है। हनी सिंह ने आते ही गाना भी ऐसा बनाया कि 6 दिन से लगातार नंबर 1 में ट्रेंड कर रहा है, यूट्यूब के इतिहास में कभी ऐसा नहीं हुआ है। क्या ही बीट्स हैं, क्या ही अहसास है, गजब का timlessness है। मतलब एक ही गाने से अपने समय के म्यूजिक/गाने बनाने वाले सभी लोगों को मानो क्लीन स्वीप दे दिया है। कला का ऐसा नमूना बड़े जतन से आता है, ऐसी चीजों को आप सुनकर बहुत जल्दी बोर नहीं होते हैं, इस इंसान के काम में हमेशा से एक अलग ही किस्म‌ का जादू रहा है, चाहे तो इसके 9-10 साल पुराने गाने ही सुन लिए जाएं, बंदा अपने काम से समां बांध लेता है। 

सफल होना एक प्रक्रिया है, और यह प्रक्रिया जीवन भर चलती रहती है। चमक-धमक वाले फेम की बात अलग है, उसकी उम्र बहुत लंबी नहीं होती है। हनी सिंह अब जाकर सही मायनों में एक सफल सिंगर बना है। दो अलग-अलग दशक के युवाओं के बीच अपना क्रेज बनाना मामूली काम नहीं है, ऐसा कर गुजरने वाला यह अपने समय का एकलौता सिंगर है, जिसने अभी के समय के संगीत परोसने वाले सभी लोगों के सामने एक नजीर पेश कर दी है कि गाने कैसे बनाए जाते हैं।

जियो देशी कलाकार। 🙌



No comments:

Post a Comment