Thursday, 22 May 2025

सदगति

लगभग 22 साल पहले की बात है। तब सड़कों का जाल इतना विस्तृत नहीं था। फ़ोरलेन सड़के ना के बराबर थी। अधिकतर सिंगल और डबल लेन सड़कें ही थी। परिवहन के साधन सीमित थे। पीएम ग्राम सड़क योजना भी शैशवावस्था में था। उस समय एक बार चाचा (रिश्तेदार) छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर कुछ काम से गए थे। वापसी में जब बस से लौट रहे थे तो बस ख़राब हो गई और उसे बनने में काफ़ी देर लगी। तब के नेशनल हाईवे NH-6 ( वर्तमान NH-53 ) में भी डबल लेन ही सड़क थी। गुजरात से कोलकाता को जोड़ने वाला यह हाईवे (तब NH-6) खूब दुर्घटना वाला हाईवे हुआ करता था, अपनी दुर्घटनाओं के लिए इतना कुख्यात था कि जगह-जगह दुर्घटना-जन्य क्षेत्र के बोर्ड लगे हुए थे। तब छत्तीसगढ़ मध्यप्रदेश से अलग होकर नया-नया राज्य बना था, राज्य की राजधानी रायपुर भी आकार ले रहा था। रायपुर से बसना (ब्लॉक) तक चाचा बस में आ रहे थे। सुबह से रायपुर से निकले थे लेकिन बस ख़राब होने की वजह से रात तक बसना पहुंचे। वहाँ बस स्टैंड में अपनी साइकिल रखी थी, उसी से गाँव तक उनको आना था। क्यूँकि गाँव भी वहाँ से लगभग 8 किलोमीटर था। तभी एक महिला जो बस में उनके साथ आई थी। पास की सीट में ही बैठी थी। उन्होंने चाचा से आकर निवेदन किया कि वे उन्हें घर तक कृपया छोड़ दें। रात हो चुकी थी। और उस महिला को भी एक अलग रूट में जगदीशपुर नाम की जगह लगभग 8 किलोमीटर जाना था। चाचा के सामने भी धर्मसंकट वाली स्तिथि थी। असल में उस महिला को उतनी दूर साइकिल में घर छोड़ने में समस्या नहीं थी। समस्या थी शुचिता की, एक सामान्य शिष्टाचार की। वो एक समय ऐसा था कि लोग अमूमन पराई महिलाओं को आँख उठाकर नहीं देखा करते थे, इतना धर्म इतनी नैतिकता लोगों के भीतर थी। यही समस्या चाचा के साथ भी थी। उस महिला ने अनुरोध किया कि चाचा उन्हें छोड़ दें क्योंकि उतनी रात को उस रूट में कोई गाड़ी मिलना संभव नहीं था। तब के समय में मोटरसाइकिल भी सीमित लोगों के पास हुआ करते, आवागमन के साधन भी सीमित ही होते थे। लंबी दूरी के लिए गिनी-चुनी बसें होती थी और छोटी दूरी के लिए जीप कमांडर आदि होते जो दिन के समय ही खचाखच हाउसफुल मोड में चलते थे। वह महिला मूल रूप से रायपुर की थी, यहाँ जगदीशपुर में किसी शासकीय पद पर थी, नई- नई नौकरी लगी थी और उन्हें यहाँ की बहुत जानकारी नहीं थी।

चाचा के सामने धर्मसंकट वाली स्थिति थी। यह भी था कि किसी पराई महिला को उन्होंने साइकिल में उनके घर तक छोड़ा है, यह किसी को पता भी चलता तो उनके चरित्र पर प्रश्नचिह्न ना खड़ा हो जाए यह भी शायद वे सोच रहे होंगे, तब के समय के लोग बड़ी आसानी से इतनी नैतिकता लेकर चल लेते थे। उस महिला ने फिर से अनुरोध किया कि भैया आप अगर छोड़ देते तो बड़ी मेहरबानी होती। आखिरकार चाचा ने उस महिला को अपनी साइकिल में उनके घर तक छोड़ दिया। और वहाँ से फिर रात को अपने गाँव आ गए और इस बात को कई साल तक गोपनीय रखा। कुछ सालों बाद वह महिला जो विभाग में अधिकारी बन चुकी थी, चाचा की खोजबीन करने लगी ताकि मिलकर शुक्रिया अदा कर सके। लेकिन तब फ़ोन आदि का जमाना नहीं था। चाचा ने भी संकोचवश बहुत अधिक बातचीत नहीं की थी। लेकिन उन दोनों को बस एक दूसरे का नाम याद था।

उस घटना के लगभग 20 साल बाद यानि अभी दो साल पहले चाचा का परिवार एक झूठे पुलिस केस (ST-SC एक्ट ) में बहुत बुरी तरीके से फँस गए। उनकी फाइल पुलिस के एक उच्चाधिकारी के पास थी। चाचा ने बहुत इधर-उधर हाथ पांव मारा लेकिन कहीं से कोई उम्मीद की किरण नहीं दिख रही थी। कोर्ट कचहरी आदि में ऐसे फंसे कि जमा पूंजी भी ख़त्म होती रही। जब कुछ समझ नहीं आता तो निराश होकर मंदिर भी जाया करते। फिर एक दिन उन्होंने उस पुलिस वाले के बारे में पता किया, उनके सरनेम को देखकर उन्हें याद आया कि इसी सरनेम कि तो वह महिला भी थी जिनको उन्होंने 20 साल पहले साइकिल में घर छोड़ा था। संयोगवश जिस दिन पुलिस अधिकारी के पास मिलने गए थे, उसी दिन वह महिला भी वहीं मिल गई। पता चला की महिला उसी अधिकारी की पत्नी हैं। चाचा ने अपना परिचय दिया उसके बाद तुरंत उस महिला ने देखते ही पाँव छू लिया और कहा कि भैया इतना कुछ हो गया, आपको पहले बताना चाहिए था। चाचा खामोश होकर मन ही मन ईश्वर को धन्यवाद कर रहे थे। वह महिला ख़ुद आदिवासी थी फिर भी उन्होंने चाचा के पक्ष को समझा और सीधे अपने पतिदेव को कहा कि इनका मामला देखिए आप, तुरंत रफ़ा-दफ़ा होना चाहिए, अगर क़ानून ऐसे व्यक्ति को अपराधी बनाता है तो फिर मेरा इस पूरी व्यवस्था से भरोसा उठ जाएगा। वैसे भी वह केस झूठा था, किसी फिल्मी कहानी की तरह आखिरकार चाचा के परिवार को उस केस से मुक्ति मिली। चाचा आज भी साइकिल से उस महिला को घर छोड़ने वाली घटना को बताते हुए भावुक हो जाते हैं और कहते हैं कि मैंने आजतक जीवन में कभी किसी के साथ ग़लत नहीं किया तो मेरे साथ भी भगवान की कृपा बनी रही। इंसान को हर परिस्थिति में अपने कर्म हमेशा सही रखने चाहिए, कहीं ना कहीं अच्छा कर्म किसी ना किसी रूप में लौट के आपके पास आता ही है।

जंगल में मोर नाचा किसने देखा -

एक परिचय के व्यक्ति रहे हैं। शादीशुदा हैं, बच्चे भी हैं। कुछ दिन पहले मिले तो बातें होनी लगी। फिर बताने लगे कि पत्नी को एक कॉलेज में फ़लाँ कोर्स के लिए भर्ती करा दिया है। फिर कहने लगे कि मैंने पत्नी जी को कह दिया कि कॉलेज के एक लड़के को सेट कर ले ( दोस्त बना ले ) वो असाइनमेंट और बाक़ी काम कर देगा। पत्नी भी इस पर सहमत है। सारा काम आसानी से हो रहा है। पतिदेव फिर यह भी कहने लगे कि यार क्या करें थोड़ा दुख तो होता है, अकेले में दुख मना लेता हूँ लेकिन ठीक है अपना काम हो जाता है। मुझे बहुत अधिक ध्यान नहीं देना पड़ता है, इससे बड़ा सुख और क्या चाहिए। फिर मुझसे फीडबैक भी लेने लगे तो मैंने भी कहा - हाँ, ये तो बहुत अच्छी व्यवस्था आप लोगों ने बनाई है, आप लोग के बीच अच्छी बांडिंग है तभी इतना अच्छा समन्वय करके आप लोग ऐसा कर पा रहे हैं। नहीं तो कई जगह पतिदेव लोग घिस-घिस के पत्नी के कॉलेज पढ़ाई का सारा काम करते हैं। आपने अपने लिए बढ़िया व्यवस्था की है और इस सच के साथ आपको जीना चाहिए, इसमें बहुत दुख मनाने की कोई बात नहीं है।

और वैसे भी हमारी सनातन परंपरा को भी देखें तो महाभारत में चौसर के खेल में युधिष्ठिर ने अपनी हार को छुपाने और जीतने की उम्मीद में द्रौपदी को दांव पर लगा दिया था। इंसानी जो भी करता है अपनी सहूलियत के लिए ही करता है भले उसमें थोड़ी तकलीफ़ होती है, युधिष्ठिर को भी हुई होगी जब वे द्रौपदी को हार गए और भरी सभा में अपमानित कर चीरहरण किया गया। यहाँ तो आप लोग गुप्त रूप से केवल दोस्ती की बात पर आम सहमति लेकर चल रहे हैं इतना तो कलयुग में जायज है।

Wednesday, 14 May 2025

जब रोम जल रहा था

जब रोम जल रहा था, नीरो emi भर रहा था

जब रोम जल रहा था, नीरो sip कर रहा था

जब रोम जल रहा था, नीरो होम लोन‌ प्लान कर रहा था

जब रोम जल रहा था, नीरो भागवत कर रहा था

जब रोम जल रहा था, नीरो पढ़ाई कर रहा था

जब रोम जल रहा था, नीरो नॉवेल पढ़ रहा था

जब रोम जल रहा था, नीरो जमीन खरीद रहा था

जब रोम जल रहा था, नीरो नौकरी कर रहा था

जब रोम जल रहा था, नीरो सोना खरीद रहा था

जब रोम जल रहा था, नीरो हेल्थ इंश्योरेंस ले रहा था

जब रोम जल रहा था, नीरो ने स्टार्टअप शुरु किया था

जब रोम जल रहा था, नीरो आर्गेनिक फार्मिंग कर रहा था

जब रोम जल रहा था, नीरो फास्ट फूड खा रहा था

जब रोम जल रहा था, नीरो पैसे की वसूली कर रहा था

जब रोम जल रहा था, नीरो शॉपिंग कर रहा था

जब रोम जल रहा था, नीरो वीगन बन रहा था

जब रोम जल रहा था, नीरो अनुलोम विलोम कर रहा था

जब रोम जल रहा था, नीरो शहर में कुत्ता टहलाने निकला था

जब रोम जल रहा था, नीरो एक्सपायर हो गया।

तू भी नीरो, मैं भी नीरो, अब तो सारा जग है नीरो!